कठुआ। मानसून की बारिश ने सब्जियों की कीमतों को आसमान पर पहुंचा दिया है जिसने आम लोगों के बजट को बिगाड़ना शुरू कर दिया है। बारिश के मौसम की शुरुआत के साथ सब्जियों के दामों में आने वाली तेजी ने लोगों को अगले दो माह तक के लिए चिंतित करना शुरू कर दिया है।
एक सप्ताह के भीतर सब्जियों के खुदरा और थोक मंडियों में टमाटर, प्याज और हरी सब्जियों की कीमतों में एक बार फिर जोरदार उछाल देखने को मिल रहा है। शहर में करीब दस दिन पहले जो टमाटर 25 से 30 रुपये प्रति किलो उपलब्ध था, वह अब 60 से 80 रुपये प्रति किलो तक पहुंच रहा है। लगातार बढ़ते दाम के बीच आम आदमी हरी सब्जी खरीदने से पहले अपने बजट के बारे में सोच रहा है।
अरुण शर्मा ने बताया कि मौजूदा समय में टमाटर और बैंगन 60 से 80 रुपये किलो बिक रहा है, जबकि जो घीया 10 रुपये किलो से 60 रुपये प्रति किलो हो गया है। इसी तरह के शिमला मिर्च और बीन्स जैसी सब्जियां तो 100 रुपये प्रति किलो तक पहुंच रही हैं। वहीं प्याज 25 से 30 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गया है। सब्जियां खरीदने से पहले सोचना पड़ रहा है।