कठुआ। सोमवार से जिले में कोरोना से बचाव की एहतियाती बूस्टर डोज का अभियान भी शुरू हो गया है। पहले दिन सीएमओ कठुआ डॉ. नीरज नागपाल सहित विभिन्न बीएमओ और स्वास्थ्य कर्मियों, फ्रंट लाइन वर्करों ने बूस्टर डोज हासिल की। पहले दिन ही विभिन्न स्वास्थ्य ब्लाक में कुल 292 लोगों को कोरोना से बचाव की डोज दी गई है।
सोमवार को 156 स्वास्थ्य कर्मियों, 114 फ्रंटलाइन वर्करों और 22 बीमार वरिष्ठ नागरिकों को बूस्टर डोज दी गई। स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी वैक्सीनेशन प्रक्रिया के अंतगर्त 15 से 18 आयु वर्ग के 3652 किशोरों का टीकाकरण किया गया। स्कूलों में इसके लिए तेजी से अभियान चलाया जा रहा है।
स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि हालांकि सरकार की ओर से शिक्षण संस्थानों को बंद करने के निर्देश दिए गए हैं लेकिन वैक्सीनेशन की प्रक्रिया संस्थानों में जारी रहेगी। इसके लिए कोविड प्रोटोकॉल का सख्ती से पालन करने के निर्देश भी दे दिए गए हैं।