कठुआ। शहर में आम लोगों के लिए जी का जंजाल बन चुके लावारिस मवेशियों को हटाने के लिए नगर परिषद ने अपना अभियान शुरू कर दिया है। सोमवार को शहर के विभिन्न स्थानों से पकड़े गए करीब दो दर्जन मवेशियों को परिषद द्वारा कीड़ियां गंडयाल स्थित गोशाला में भेजा है।
इस संबंध में नगर परिषद के प्रधान नरेश शर्मा ने कहा कि शहर में लावारिस घूमने वाले मवेशी आम लोगों के लिए बड़ी समस्या हैं। क्योंकि इनके चलते आए दिन हादसे पेश आ रहे है। उन्होंने बताया कि एक सप्ताह के भीतर ही दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। उन्होंने कहा कि लोगों की समस्या को देखते हुए उन्होंने मवेशियों को पकड़ने का क्रम तो शुरू कर दिया है लेकिन इन्हें रखा कहां जाए यह बड़ी समस्या है। क्योंकि परिषद के पास ऐसे मवेशियों को रखने के लिए कोई सुविधा नहीं है। उन्होंने कहा कि शहर में घूमने वाले ज्यादातर मवेशी पुलिस द्वारा तस्करों से छुड़ाए जाने वाले मवेशी हैं। जिन्हें पुलिस द्वारा शहर में छोड़ दिया जा रहा है। उन्होंने एसएसपी कठुआ से इस मामले में संज्ञान लेकर लोगों को इस समस्या से निजात दिलाने में परिषद का सहयोग करने की अपील की।