जिले में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ लगातार दूसरे दिन भी कार्रवाई जारी रही। बुधवार सुबह से ही यातायात पुलिस और पुलिस की टीमों ने शहर में विभिन्न स्थानों पर नाके लगाकर 100 वाहनों को सीज किया। उधर, बुधवार को कुल 295 वाहन चालकों के चालान किए। इस दौरान 30 हजार 600 रुपये जुर्माना वसूला। इस बीच जगह-जगह नाके लगे होने के चलते कई स्थानों पर वाहन चालक गलियों से निकलते देखे गए। वहीं कई दोपहिया वाहन चालक कार्रवाई के डर से दूर खड़े होकर नाका हटने का इंतजार करते रहे।
जिला पुलिस की टीमों ने शहर के पुराने गर्ल्स हायर सेकेंडरी स्कूल नगरी अड्डा कॉलेज रोड आदि स्थानों पर सुबह से ही कार्रवाई जारी रखते हुए वहां से गुजरने वाले दोपहिया वाहनों के दस्तावेज जांचे और हेलमेट का उपयोग न करने वाले चालकों का चालान किया। दिन की कार्रवाई के संबंध कठुआ थाना प्रभारी अरविंद संब्याल ने बताया कि उनकी टीमों ने अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते 100 ऐसे वाहनों को सीज किया है, जिनके दस्तावेज नहीं थे। वहीं नियमों का पालन न करने वाले 235 वाहन चालकों के चालान किए गए है।
30 हजार 600 रुपये जुर्माना वसूला
डीअीआई घनश्याम सिंह ने कहा कि ट्रैफिक पुलिस की टीमों ने कठुआ, लखनपुर और नगरी क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए 60 वाहन चालकों के चालान किया है और उनसे 30 हजार 600 रुपया जुर्माने के तौर पर वसूला है। उन्होंने कहा कि वह एक बार फिर से लोगों से अपील करते हैं कि वाहन चलाने के दौरान अपने साथ वाहन के दस्तावेज रखें और नियमों का पालन करें।