कठुआ। शहर के वार्ड 10 में बुखार की शिकायतों को संज्ञान में लेते हुए स्वास्थ्य विभाग की मलेरिया विंग की सक्रियता बढ़ गई है। शनिवार को विभाग की टीम ने वार्ड 11 का दौरा किया। इस दौरान टीम के सदस्यों ने वार्ड में बुखार से पीड़ित 3 मरीजों के साथ 66 अन्य लोगों के खून के नमूने एकत्र किए और लोगों को अपने घरों के आसपास स्वच्छता को बनाए रखने के लिए कहा।
जिला मलेरिया अधिकारी कुलविंद्र सिंह के नेतृत्व में पहुंची टीम ने पूर्व की भांति ही वार्ड में सबसे पहले बुखार से पीड़ित मरीजों के बारे जानकारी ली। वहीं पूरे वार्ड में डोर टू डोर अभियान चलाकर लोगों को बचाव के प्रति जागरूक किया। टीम के सदस्यों न घरों में जाकर लोगों के पानी स्टोरज सिस्टम की जांच करते हुए उन्हें पानी के बर्तनों को खुला न छोड़ने की नसीहत दी।
इस बारे में मलेरिया विंग के इंस्पेक्टर लोकेश राज ने बताया कि गत 23 जून को वार्ड 10 में लिए गए सभी खून के नमूनों के रिपोर्ट निगेटिव पाए जाने के बाद भी इस मामले को गंभीरता से देखा रहा है। लोगों के स्वास्थ्य पर लगातार नजर रखने के साथ आसपास के इलाकों में ऐसे मरीजों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। इस क्रम में उन्होंने वार्ड के 69 लोगों के खून के नमूने लिए। वहीं वार्ड के पार्षद करण सिंह ने स्वास्थ्य विभाग द्वारा बरती जा रही अतिरिक्त सावधानी पर खुशी जाहिर करते हुए कहा कि विभाग के इस तरह के प्रयास से भविष्य में आने वाली स्वास्थ्य संबंधी परेशानी से लोगों को बचाया जा सकेगा।