कठुआ। राजकीय डिग्री कॉलेज कठुआ परिसर में 28 फरवरी को दो गुटों की झड़प हो गई थी। इस मामले में कॉलेज प्रशासन ने तीन छात्रों को अनिश्चितकाल के लिए निलंबित कर दिया है। साथ ही निलंबित छात्रों को कॉलेज की शैक्षणिक गतिविधियों में भाग नहीं लेने के लिए कहा गया है।
बुधवार को कॉलेज की प्रभारी प्रधानाचार्य प्रो. राजकिरण शर्मा ने स्नातक भाग एक के छात्र दानिश लोन (अनुक्रमांक संख्या 2106), स्नातक भाग तीन के छात्र सन्नी कुमार (अनुक्रमांक संख्या 1152) और स्नातक के छात्र विश्व शर्मा (अनुक्रमांक संख्या 1162) को निलंबित करने का आदेश जारी कर दिया है। साथ ही इस बारे में कॉलेज प्रभारी प्रधानाचार्य ने बताया कि घटना होने के बाद उसी समय कॉलेज में सुरक्षा कारणों को देखते हुए एक बैठक की गई थी। जिसके बाद तीनों ही छात्रों को निलंबित करने का फैसला लिया गया था। इसके अलावा कॉलेज परिसर में मारपीट करने वाले बाहरी लोगों के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई गई है। मारपीट की घटना में कॉलेज के कंप्यूटर, प्रिंटर आदि को भी नुकसान पहुंचा था।