वीरवार की दोपहर जसरोटा के नजदीक एक तीखे मोड़ एक स्कूल बस नहर में जा गिरी। जसरोटा गांव से मात्र कुछ सौ मीटर की दूरी पर हुए हादसे की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग बड़ी संख्या में पहुंच गए और राहत कार्य को तेजी से चलाया गया।
स्कूल बस जेके08ए- 4746 में सवार वाहन चालक और तीन बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। बच्चों को मामूली चोटें आई हैं, जिन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल कठुआ में भर्ती करवाया गया है। सभी घायलों की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
राजबाग थाना क्षेत्र के अधीन पड़ते गांव जसरोटा में शाम चार बजे के लगभग स्कूली बच्चों को घर छोड़ने जा रही जेके पब्लिक स्कूल की बस एक तीखे मोड़ पर अनियंत्रित होकर पास की नहर में जा गिरी। हादसे के वक्त नहर में जलस्तर वाहन के बराबर था।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि स्कूल बस गांव में अधिकतर बच्चों को उतार कर आगे की ओर रवाना हुई थी। कुछ ही आगे एक तीखे मोड़ पर वह नहर में जा गिरी। स्थानीय युवाओं ने नहर में गिरी स्कूली बस से बच्चों को बाहर निकाला। कुल चार बच्चे इस हादसे में घायल हुए, जिनमें से तीन घायलों को ही जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया।
घायलों में सुप्रीती (9) निवासी माला धलोटी , दिवज्योत सिंह (4) निवासी जसरोटा, मानसी (10) निवासी माला धलोटी के रूप में हुई है। सूचना मिलते ही घायल बच्चों के परिवार वाले भी अस्पताल पहुंच गए। पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया है।