अलग स्थानों पर बाइक फिसलने से शनिवार को तीन लोग घायल हो गए। घायलों में एक को जम्मू रेफर कर दिया गया जबकि अन्य दो की हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पहला हादसा नगरी-कठुआ मार्ग पर खोखयाल गांव के आगे हुआ। वहां बिना नंबर की बाइक पर सवार इसी गांव का निवासी शफी फिसलने से गाड़ी का नियंत्रण खो बैठा और बाइक गिर गई।
इससे सिर और नाक में गंभीर चोटें आई। उसे जिला अस्पताल लाया गया लेकिन डाक्टरों ने उसकी हालत को देखते हुए जम्मू रेफर कर दिया। वहीं सावन चक गुरूद्वारे के पास कठुआ-हटली मार्ग पर तेल गिरा होने के कारण बाइक फिसल गई।
उस पर सवार हीना अख्तर निवासी हटली मोड़ और उसका भाई राजू घायल हो गए। दोनों को उपचार के लिए जिला अस्पातल लाया गया है। राजू को होश आ गया लेकिन हीना की हालत गंभीर बनी है। डाक्टरों ने उसे निगरानी में रखा है।