नगरी बीडीसी चेयरमैन के कार्यालय में चोरी का मामला प्रकाश में आया है। चोर यहां से एयरकंडीशनर और स्टेबलाइजर ले गए। मौकेे पर पहुंची पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
बीडीओ नगरी दीपक कुमार के अनुसार शनिवार शाम को कार्यालय बंद होने तक वहां सब कुछ सामान्य था। रविवार अवकाश होने के कारण एक दिन के बाद सोमवार को कार्यालय में काम करने वाले कर्मचारी जब वहां पहुंचे, तो उन्हें इसका पता चला। इसके बाद उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को दी।
उन्होंने कहा कि टोल पोस्ट के साथ बनी इमारत स्थित उनके कार्यालय के एक हिस्से को बीडीसी अध्यक्ष नगरी का कार्यालय बनाया गया है, जहां चोरों ने उक्त घटना को अंजाम दिया है। वहीं स्थानीय लोगों ने इस घटना के लिए पुलिस की लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया है।
लोगों का कहना है कि चोरी की घटना जिस स्थान पर हुई, वहां से मात्र सौ मीटर की दूरी पर पुलिस का नाका है। ऐसे में अगर वहां इस तरह से चोरी हुई, तो इसके लिए पुलिस की भूमिका पर प्रश्न उठना स्वाभाविक है।