छत्रगलां टॉप के नजदीक बर्फ हटाने में जुटी ग्रेफ की मशीन
- फोटो : KATHUA
कठुआ। सीजन की पहली बर्फबारी के साथ कटा बनी सब डिवीजन से भद्रवाह का संपर्क बहाल करने के लिए प्रयास शुरू कर दिए गए हैं। बर्फबारी का दौर थमने और सोमवार को मौसम खुलने के साथ ही ग्रेफ की टीम ने सरथल की ओर से मशीनें लगा कर छत्रगलां टॉप तक बर्फ हटाने का काम युद्धस्तर पर किया जा रहा है। सोमवार को टीम की ओर से छत्रगलां टॉप से पांच किलोमीटर पहले तक बर्फ हटा दी गई है। इलाके में कई जगह तीन से चार फुट तक बर्फ की परत भी जमा है। अधिकारियों की मानें तो छत्रगलां टॉप पर चार फुट से अधिक बर्फ की संभावना है। राहत की बात है कि मौसम साफ हो गया है, ऐसे में अगले एक सप्ताह में मार्ग को बहाल करने के प्रयास किए जाएंगे।
बर्फबारी के दौर के बीच ही बनी प्रशासन के निर्देश के बाद ग्रेफ ने सरथल तक बनी से यातायात बहाल कर दिया था। लेकिन इसके आगे भद्रवाह की ओर अधिक बर्फबारी के चलते वाहनों को आगे बढ़ने की अनुमति नहीं दी जा रही थी। सोमवार को ग्रेफ की टीम ने सुबह इलाके का जायजा लेते हुए बर्फ हटाने का काम शुरू किया। अधिकारी ने बताया कि भद्रवाह की ओर से भी बर्फ हटाने के लिए मशीनों को काम पर लगा दिया गया है।