रंजीत सागर झील में लगातार बढ़ रहा जलस्तर रावी दरिया में बाढ़ को लेकर फिर से खतरे की घंटी बजाने लगा है। लगातार पहाड़ी इलाकों में जारी बारिश और हिमाचल से झील में दाखिल हो रहे पानी का बहाव मंगलवार शाम पौने दो लाख क्यूसेक के पास आस पहुंच गया है।
झील का अलर्ट स्तर की ओर खिसक रहा जलस्तर फिर से बढ़ना शुरू हो गया। मंगलवार शाम तक यह 526 मीटर के स्तर तक पहुंच गया। बांध में खतरे का स्तर 527.91 मीटर है। ऐसे में निचले इलाकों में बाढ़ बढ़ने की संभावना भी बढ़ गई है। मंगलवार सुबह तक जहां रंजीत सागर बांध और शाहपुर कंडी बांध से लगभग 43 हजार क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है।