बिलावर। कस्बे के नाज खेल मैदान मैं जारी क्रिकेट प्रतियोगिता में रविवार को हुए मैच में बिलावर स्पोर्ट्स क्लब की टीम ने सुकराला की टीम को हराकर फाइनल में प्रवेश कर लिया। रविवार को प्रतियोगिता का पहला सेमीफाइनल खेला गया। सुकराला की टीम ने टॉस जीतकर क्षेत्ररक्षण करने का निर्णय लिया और बिलावर स्पोर्ट्स क्लब की टीम को बल्लेबाजी करने के लिए आमंत्रित किया।
पहले बल्लेबाजी करने उतरी बिलावर स्पोर्ट्स क्लब की टीम ने निर्धारित 12 ओवर में 9 विकेट गंवाकर 110 रन बनाए। बिलावर के बल्लेबाज काके ने 48 नाबाद रनों का योगदान दिया। वहीं सुकराला के गेंदबाज शरण ने तीन और पीयूष ने दो विकेट हासिल किए । 111 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी सुकराला की टीम के खिलाड़ियों की धीमी गति की बल्लेबाजी और बिलावर के गेंदबाजों की सधी गेंदबाजी के आगे कोई भी सुकराला का बल्लेबाज अधिक देर तक मैदान में टिक नहीं सका। निर्धारित ओवर में 9 विकेट गंवाकर केवल 86 रन ही बना सकी। बिलावर स्पोर्ट्स क्लब ने 24 रनों से मैच जीतकर प्रतियोगिता के फाइनल में प्रवेश कर लिया। सुकराला के बल्लेबाज संजू ने सर्वाधिक 18 रनों का योगदान दिया। वहीं बिलावर के गेंदबाज काके ने 3 और धीरज शर्मा ने दो विकेट हासिल किए। मैच में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले बिलावर स्पोर्ट्स क्लब के खिलाड़ी काके को मैन ऑफ द मैच से सम्मानित किया गया। आयोजकों ने बताया कि दूसरे सेमीफाइनल का मुकाबला रामकोट और बसोहली की टीमों के बीच खेला जाएगा।