एक महीने से गांव मढ़ीन की एससी बस्ती के खराब ट्रांसफार्मर को ठीक नहीं करने के विरोध में स्थानीय लोगों ने बिजली विभाग के कार्यालय में जाकर सोमवार को हंगामा किया। कार्यकारी अभियंता (एक्सईएन) का घेराव कर लोगों ने खूब बहसकी।
ग्रामीणों ने कहा कि छह महीनों में तीन बार ट्रांसफार्मर खराब हुआ है। बार-बार कहने के बाद भी एक महीने से उन्हें बिजली मुहैया नहीं करवाई गई है। प्रदर्शनकारियों का नेतृत्व कर रहे नरेश कुमार ने कहा कि एक तो सीमांत गांव होने के कारण पहले ही इलाका संवेदनशील है, उस पर एक महीने से बिजली नहीं होने से खतरा और बढ़ गया है।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि अव्वल तो उनकी बस्ती में कोई ट्रांसफार्मर ही नहीं लगाया गया है। जबकि बस्ती में सौ के करीब घर हैं। उन्हें बिजली कृषि विभाग के ट्रांसफार्मर से मिलती है। ऐसे में कृषि विभाग की मोटरों के साथ-साथ उनके घरों को बिजली दी जाती है।
एक महीने से ट्रांसफार्मर खराब होने के कारण न तो खेतों को पानी मिल पा रहा है और न ही उन्हें बिजली मिल रही है। जब भी विभाग से बात की जाती है तो विभाग अगले सप्ताह का आश्वासन देकर बात टाल देता है। उन्होंने विभागीय अधिकारी को बिजली सेवा मुहैया करवाने की चेतावनी भी दी।