कठुआ। बनी लोहांग मार्ग पर चालक से अनियंत्रित होकर एक महिंद्रा पिकअप सेवा दरिया में कई मीटर गहरी खाई जा गिरी। बीती मध्य रात्रि को हुए इस हादसे में चालक की मौके पर ही मौत हो गई है। मृतक की पहचान शादी लाल पुत्र चुमारू राम निवासी आस्सो तहसील बनी के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार बीती रात को बनी कस्बे से करीब एक किलोमीटर दूर हादसा उस समय पेश आया जब महिंद्र पिकअप नंबर जेके 08एल-0216 लोहांग की ओर जा रही थी। इस दौरान वाहन चालक के नियंत्रण से बाहर हो गया और सेवा नाला में कई मीटर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस और स्वयंसेवकों की टीम ने मौके पर पहुंचकर बचाव अभियान शुरू किया। वाहन के चालक की घटना स्थल पर ही मौत हो चुकी थी। उसके शव को खाई से बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए बनी अस्पताल लाया गया। इस संबंध में बनी पुलिस ने मामला दर्ज कर अपनी कार्यवाई शुरू कर दी है।