कठुआ। जिले में विद्यार्थियों और शिक्षकों के अनुपात में सुधार के लिए कवायद शुरू हो गई है। प्रधान सचिव और शिक्षा निदेशालय से मिले निर्देश के बाद मुख्य शिक्षा अधिकारी ने 25 सदस्यीय कमेटी गठित कर दी है। कमेटी को सप्ताह भर के भीतर सुझाव सौंपने को कहा गया है। यह कमेटी जोनल स्तर पर स्कूलों में शिक्षकों की जरूरत और विद्यार्थियों के अनुपात पर रिपोर्ट सौंपेगी। मुख्य शिक्षा अधिकारी के नेतृत्व में कमेटी काम करेगी जबकि इसका समन्वयक जिला शिक्षा योजना अधिकारी को बनाया गया है।
जिले में अक्सर देखने को मिलता है कि सरकारी स्कूलों में नामांकन काफी कम है, वहीं इसके बावजूद कम नामांकन वाले स्कूलों में जरूरत से दोगुने शिक्षकों की तैनाती रहती है। खास तौर पर कठुआ शहर, हीरानगर, बिलावर, बसोहली, बनी, महानपुर समेत कस्बे के स्कूलों में यह स्थिति अक्सर देखने को सामने आई है। रसूखदार कई-कई वर्षों से इन्हीं क्षेत्र के एक से दो किलोमीटर के दायरे के स्कूलों में अपनी पोस्टिंग करवाकर समय निकालते रहते हैं। पूछे जाने पर स्कूलों में जारी पदों का हवाला दिया जाता है, लेकिन पदों के अनुसार इन स्कूलों में नामांकन नहीं है। दूर दराज के क्षेत्रों में जहां निजी स्कूल नहीं है वहां नामांकन के बावजूद भी शिक्षकों की भारी कमी रहती है। कभी विषय विशेष के शिक्षक नहीं मिलते तो कभी एक ही शिक्षक के सहारे स्कूल चलाए जाते हैं। लेकिन शिक्षा विभाग ने नई शिक्षा प्रणाली को लागू करने से पहले प्राइमरी, मिडिल और हाई स्कूलों का सर्वे शुरू करवा दिया है। जिसके तहत इन स्कूलों में नामांकन के अनुसार उपलब्ध शिक्षकों की संख्या पर रिपोर्ट तैयार की जाएगी। किन स्कूलों में शिक्षकों की कमी है और किन स्कूलों में जरूरत से अधिक शिक्षक तैनात हैं, इसका खाका तैयार किया जाएगा। जारी आदेश के अनुसार कमेटी में जिला शिक्षा योजना अधिकारी जहां समन्वयक हैं। वहीं कठुआ जोन के लिए हायर सेकेंडरी स्कूल नगरी परोल और जोनल शिक्षा अधिकारी कठुआ को सदस्य बनाया गया है। लखनपुर जोन के लिए जोनल शिक्षा अधिकारी के साथ प्रधानाचार्य हायर सेकेंडरी स्कूल खरोट सदस्य होंगे। बरनोटी में जोनल शिक्षा अधिकारी बरनोटी के साथ हायर सेकेंडरी स्कूल बुद्धि के प्रधानाचार्य सदस्य होंगे। इसी तरह से हीरागर में हायर सेकेंडरी स्कूल हीरानगर के प्रधानाचार्य और जोनल शिक्षा अधिकारी हीरानगर, मढ़ीन में हायर सेकेंडरी स्कूल चंदवां के प्रधानाचार्य और जोनल शिक्षा अधिकारी मढ़ीन सदस्य बनाए गए हैं। सल्लन की कमेटी में हायर सेकेंडरी स्कूल मंगलूर के प्रधानाचार्य साथ जोनल शिक्षा अधिकारी सल्लन तो वहीं भड्डू में हायर सेकेंडरी स्कूल रामकोट के प्रधानाचार्य के साथ जोनल शिक्षा अधिकारी भड्डू को सदस्य नियुक्त किया गया है। बिलावर में हायर सेकेंडरी स्कूल बिलावर के प्रधानाचार्य के साथ जोनल शिक्षा अधिकारी बिलावर, मल्हार के लिए हायर सेकेंडरी स्कूल बदनोता के प्रधानाचार्य और जोनल शिक्षा अधिकारी मल्हार, जबकि महानपुर में हायर सेकेंडरी स्कूल माड़ा पट्टी के प्रधानाचार्य और जोनल शिक्षा अधिकारी महानपुर सदस्य बनाए गए हैं। बसोहली में हायर सेकेंडरी स्कूल पलासी के प्रधानाचार्य और जोनल शिक्षा अधिकारी बसोहली तो वहीं बनी में हायर सेकेंडरी स्कूल बनी के प्रधानाचार्य और जोनल शिक्षा अधिकारी बनी को कमेटी का सदस्य नियुक्त किया गया है।
..............
स्कूलों में विद्यार्थी और शिक्षकों के अनुपात को ठीक करने के लिए फिलहाल जोनल स्तर पर तबादले की तैयारी की जा रही है। इसके लिए कमेटी को जल्द से जल्द रिपोर्ट सौंपने को कहा गया है। इसका फायदा खास तौर पर दूर दराज क्षेत्रों के स्कूलों में होगा।
प्रकाश लाल थापा
मुख्य शिक्षा अधिकारी
कठुआ।