कठुआ। नूतन वर्ष 2022 के आगमन पर जिला में हर और उत्साह का वातावरण देखा गया। जिला भर में लोगों ने नए वर्ष का स्वागत पूजा-अर्चना के साथ किया। जिसके चलते शनिवार को जिला के विभिन्न मंदिरों में सुबह से ही लोगों के पहुंचने का क्रम शुरू हो गया। इस दौरान हजारों की संख्या में उमड़े भक्तों ने अपने इष्ट देव का पूजन कर बेहतर वर्ष बीतने की कामना की। जिला के जखोल स्थित प्राकृतिक महाकाल शिव गुफा मंदिर, जसरोटा स्थित काली मंदिर, नगरी स्थित बाला सुंदरी मंदिर और सुकराला स्थित मल्ल माता का दर्शन करने वालों की दिनभर भीड़ उमड़ी रही। इस दौरान जहां मंदिर कमेटियों ने आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए व्यापक प्रबंध किए थे, वहीं पुलिस ने भी सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए थे।
मंदिरों में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मंदिर कमेटियों ने लंगर का आयोजन किया था। स्थानीय लोगों ने भी लंगर लगाकर लोगों के साथ अपनी खुशी साझा की। सबसे ज्यादा भीड़ जखोल स्थित प्राकृतिक महानाल शिव गुफा में देखने को मिली, जहां जलाभिषेक करने के लिए पूरे उत्साह के साथ श्रद्धालु कतार में लग रहे। इस दौरान श्रद्धालुओं की ओर से लगाए जा रहे भोले बाबा के जय घोष और भजन कीर्तन से पूरा माहौल भक्तिमय बना रहा। वहीं, जसरोटा स्थित काली माता मंदिर में भी सुबह से ही भक्तों की कतार लगी रही। इस दौरान पूरे परिवार के साथ पहुंचे लोगों ने वहां काली माता का दर्शन कर अपने परिवार की सुख शांति की कामना के साथ-साथ माता रानी से सुख समृद्धि मांगी। मंदिर कमेटियों ने मंदिरों को विशेष रूप से सुसज्जित किया था।
प्राकृतिक महानाल गुफा में विराजमान पवित्र शिवलिंग का दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं ने वहां संत हरी गिरी जी महाराज का भी आशीर्वाद प्राप्त किया। मलामन की पहाड़ियों की तलहटी में स्थित पवित्र गुफा मंदिर में पहुंचे श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। वहीं, दर्शन करने के उपरांत लोगों ने पहाड़ियों से घिरे इलाके के प्राकृतिक मनोरम दृश्यों का भी जमकर आनंद लिया।
मंदिर में जलाभिषेक करने के लिए पूरे परिवार के साथ पहुंचे कठुआ निवासी अमित शर्मा ने बताया कि वह हर वर्ष इस गुफा मंदिर में अपने परिवार के साथ आते हैं। वहीं, जसरोटा स्थित काली माता मंदिर के प्रधान जगदीश सिंह जसरोटिया ने बताया कि मंदिर में विराजमान काली माता का दर्शन करने के लिए सुबह से ही श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा है। देर शाम तक करीब 25 हजार श्रद्धालुओं ने माता का दर्शन प्राप्त किया है। उन्होंने बताया कि इस दौरान पूर्व एमएलसी सुभाष गुप्ता भी मंदिर में पहुंचे और उन्होंने माता की पूजा अर्चना कर कोरोना की तीसरी लहर से मानवता को बचाने के लिए माता के समक्ष प्रार्थना की है।