संवाद न्यूज एजेंसी
बनी। बनी कस्बे में उचित बस स्टैंड की व्यवस्था की मांग को लेकर मिनी बस और टैक्सी यूनियन के प्रतिनिधिमंडल ने एसडीएम बनी से मुलाकात कर अपनी समस्याएं रखीं। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि बनी में मिनी बसों और टैक्सी के लिए निर्धारित एवं व्यवस्थित स्टैंड न होने के कारण वाहन चालकों के साथ-साथ आम लोगों और स्कूली बच्चों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
मिनी बस यूनियन के अध्यक्ष मोहम्मद आजाद ने कहा कि बनी में बस स्टैंड की कमी लंबे समय से महसूस की जा रही है। उन्होंने कहा कि खासकर स्कूलों में छुट्टी के समय बड़ी संख्या में वाहन सड़क के किनारों पर खड़े हो जाते हैं। इस दौरान स्कूली बच्चों और अन्य राहगीरों को सड़क पर चलने के लिए मजबूर होना पड़ता है, जिससे हर समय किसी हादसे का खतरा बना रहता है।
उन्होंने कहा कि यदि मिनी बसों और टैक्सियों के लिए अलग से उचित स्टैंड उपलब्ध हो, तो वाहनों को व्यवस्थित तरीके से खड़ा किया जा सकता है और मुख्य सड़क पर अनावश्यक भीड़ को भी कम किया जा सकता है। उन्होंने प्रशासन से इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए जल्द बस स्टैंड की व्यवस्था करने की मांग की।
वहीं, टैक्सी यूनियन के अध्यक्ष सद्दाम आफताब खान ने कहा कि अगर बनी में टैक्सियों और मिनी बसों के लिए उचित स्टैंड उपलब्ध हो, तो वाहन वहीं व्यवस्थित रूप से खड़े किए जा सकते हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान में स्टैंड की स्पष्ट कमी के कारण वाहन चालकों को कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ता है और सड़क किनारे वाहन खड़े करने की स्थिति पैदा होती है।
प्रतिनिधिमंडल ने एसडीएम बनी से मांग की कि बनी में उपयुक्त स्थान चिन्हित कर मिनी बस और टैक्सी स्टैंड स्थापित करने की दिशा में आवश्यक कदम उठाए जाएं। उन्होंने कहा कि इस समस्या का स्थायी समाधान होने से वाहन चालकों के साथ-साथ स्थानीय लोगों और स्कूली बच्चों को भी राहत मिलेगी।
एसडीएम बनी संदीप कुमार ने कहा कि बस स्टैंड के लिए उपयुक्त सरकारी भूमि उपलब्ध नहीं है। राजस्व विभाग को अवगत करवाकर संभावित स्थानकी तलाश की जा रही है। जगह मिलते ही आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।