खो खो मुकाबले के दाैरान हिस्सा लेते खिलाड़ी। संवाद
- फोटो : kathua
जिले में पिछले छह दिन से जारी जोन स्तरीय अंतर स्कूल खेल प्रतियोगिताओं का समापन
कठुआ। जिले में पिछले छह दिनों से जारी जोन स्तरीय अंतर स्कूल खेल प्रतियोगिताओं का समापन हो गया है। वीरवार को हायर सेकेंडरी स्कूल कठुआ के मैदान में जारी प्रतियोगिता के तहत अंतिम मुकाबला लड़कियों के अंडर-14 आयु वर्ग में खो-खो का हुआ। इसमें स्प्रिंग डेल्स स्कूल की टीम ने सरकारी मिडिल स्कूल भागे चक टीम को हराकर जीत अपने नाम कर ली।
जोनल फिजिकल एजुकेशन ऑफिसर सुचित्रा मेहता ने बताया कि युवा सेवा एवं खेल विभाग की ओर से जारी वार्षिक गतिविधि कैलेंडर के अनुसार इस खेल मुकाबले का आयोजन किया गया। इसमें विभिन्न सरकारी और निजी स्कूलों की 500 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया और छह दिन तक चलने वाली प्रतियोगिता के दौरान वॉलीबॉल, खो-खो, कबड्डी, फुटबॉल, रेसलिंग, बैडमिंटन, क्रिकेट, रोप स्किपिंग और एथलेटिक्स के विभिन्न मुकाबले में प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
उन्होंने बताया कि आखिरी दिन कबड्डी का फाइनल मुकाबला सेंट जेवियर कॉन्वेंट स्कूल कठुआ और मिडिल स्कूल भागे चक के बीच हुआ। जिसमें सेंट जेवियर कॉन्वेंट स्कूल की टीम ने जीत हासिल की है। इसी तरह वॉलीबॉल का अंडर-14 बॉयज मुकाबला माउंट लिट्रा स्कूल और मिडिल स्कूल पैरोल के बीच खेला गया। इसमें माउंट लिट्रा स्कूल ने 2-0 से जीत दर्ज की है। इसके अलावा अंडर-17 बॉयज क्रिकेट के ट्रायल भी आयोजित किए गए, जिसमें 16 खिलाड़ियों का चयन अगले स्तर पर होने वाली प्रतियोगिताओं के लिए किया गया है। संवाद