रामकोट। तहसील के अगलीधार वार्ड 3 में वीरवार को स्थानीय लोगों को मोर्टार शेल मिला। स्थानीय निवासियों को इलाके में तीसरी बार मोर्टार शेल मिला है। इससे ग्रामीण दहशत में आ गए हैं। चौकी प्रभारी रामकोट रणवीर सिंह ने बताया कि सूचना मिलने के बाद रामकोट पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बम निरोधक दस्ते की सहायता से शेल को कब्जे में ले लिया है। इसके बाद उसे नजदीकी तलैन नाले में ले जाकर निरस्त कर दिया गया। बता दें कि इससे पहले 8 अप्रैल और 29 अप्रैल को भी स्थानीय लोगों को अगलीधार के वार्ड 7 में मोर्टार शेल मिला था, जिसकी सूचना स्थानीय निवासियों ने पुलिस को दी थी। पुलिस ने बम निरोधक दस्ते के साथ शेल को निरस्त किया था। बता दें कि जिस जगह पर यह तीसरी बार मोर्टार शेल मिला है यह वही पंजतीर्थी इलाके से लगती जगह है, जहां बीते दिनों आतंकवादियों को ढूंढने में सेना के जवानों ने सर्च ऑपरेशन चलाया था। इस दौरान सेना की ओर से यहां गोलीबारी भी की थी।