रामकोट की बड़ी माली में भिड़ने के लिए उतरते पहलवान
- फोटो : KATHUA
रामकोट। तहसील की पंचायत अमुआला में वीरवार को दंगल का आयोजन किया गया। दंगल में जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, दिल्ली आदि के इलाकों से पहलवान पहुंचे।
सरपंच मनोहर लाल गुप्ता ने बताया इस बार दंगल में 55 कुश्तियां कराई गईं, जिसमें एक से एक बेहतर मुकाबले लोगों को देखने को मिले। पहलवानों ने बेहतर खेल का प्रदर्शन करते हुए दंगल देखने पहुंचे लगभग 5000 लोगों की वाहवाही लूटी। छोटी माली का पहला मुकाबला बब्बू दीन और मंगल पहलवान के बीच हुआ, जिसमें मंगल पहलवान विजय रहे। छोटी माली का दूसरा मुकाबला सदीक और अंकुश पहलवान के बीच हुआ, जिसमें अंकुश पहलवान विजय रहे। 25000 के लिए बड़ी माली का मुकाबला पानीपत के मंगल पहलवान और दिल्ली के अंकुश पहलवान के बीच हुआ, जिसमें दिल्ली के अंकुश पहलवान विजय रहे। बड़ी माली जीतने वाले पहलवान को 15000 रुपये इनाम दिया गया। वहीं उप विजेता रहे पहलवान को 10 हजार रुपये दिए गए।
दंगल कमेटी के प्रधान पंडित ओम प्रकाश ,उप प्रधान मास्टर अश्विनी और कमेटी के बाकी सदस्य रुमाल सिंह, बलवीर सिंह, गुरदेव सिंह, रघुवीर सिंह, सुभाष सिंह, नरेंद्र सिंह, भूपिंदर सिंह, मदनलाल आदि ने लोगों का दंगल की शोभा बढ़ाने के लिए तहे दिल से आभार प्रकट किया। दंगल में मुख्य अतिथि के तौर पर तहसीलदार बंसीलाल, चौकी इंचार्ज एसआई रविंदर सिंह, बीडीसी अध्यक्ष नगरोटा गुजरू, अबे खजूरिया और पंचायत सूंडला के सरपंच अरुण कुमार मौजूद रहे।