तापमान में गिरावट के कारण दो से मैदानी इलाकों में बदला है मौसम
संवाद न्यूज एजेंसी
कठुआ। जिले के दूरदराज पहाड़ी इलाकों में सीजन की पहली बर्फबारी के बाद सर्दी ने मैदानी इलाकों में भी जोर पकड़ लिया है। बनी के छत्रगलां के पहाड़ों पर मौसम खुलने के बाद जहां पहाड़ हल्की सफेद बर्फीली चादर से लिपटे दिखे।
मैदानी इलाकों को भी कोहरे ने अपनी आगोश में ले लिया। तापमान में गिरावट के साथ पिछले दो दिन में मैदानी इलाकों में सर्दी में इस्तेमाल होने वाले कपड़ों की बिक्री बढ़ गई है। उधर, बनी और लोहाई मल्हार के इलाकों में शाम के समय ठंडी बर्फीली हवाओं ने जोर पकड़ लिया है।
मंगलवार से जिले के दूर दराज पहाड़ी इलाकों में बिगड़ा मौसम खुला तो बर्फ से लदी दूर दराज पहाड़ी चोटियां नजर आईं। इस क्षेत्र के लोगों ने रिहायशी इलाकों में बर्फ गिरने से पहले राशन सहित अन्य जरूरी सामान की स्टॉकिंग भी शुरू कर दी है। खास तौर से मवेशियों के लिए चारे के तौर पर घास की कटाई का काम तेजी से जारी है। कठुआ और हीरानगर के तराई वाले इलाकों में वीरवार को पहला कोहरा दर्ज किया गया। सुबह कोहरे की चादर के बीच सर्दी की दस्तक का भी आधिकारिक आगाज नजर आया। स्कूली बच्चों से लेकर आने जाने वाले लोग सर्दी से ठिठुरन महसूस करते दिखाई दिए।