नगर परिषद ने अतिक्रमण के खिलाफ शुरू किया अभियान, दोबारा अतिक्रमण न करने के दिए निर्देश
नगर परिषद और पुलिस टीम के गर्ल्स हाई स्कूल चौक पहुंचते ही मच गई अफरा तफरी
संवाद न्यूज एजेंसी
कठुआ। शहर की कोर्ट रोड पर आए दिन लगने वाले जाम की समस्या से आम लोगों को निजात दिलाने के लिए नगर परिषद ने अतिक्रमण के खिलाफ अभियान शुरू कर दिया है। बुधवार को चलाए गए इस अभियान के दौरान नगर परिषद कर्मचारियों ने पुलिस के साथ मिलकर वहां लगने वाली सभी रेहड़ी और फड़ियों को हटवाया और उन्हें दोबारा अतिक्रमण न किए जाने की निर्देश दिए हैं।
शाम के समय नगर परिषद और पुलिस टीम के गर्ल्स हाई स्कूल चौक पहुंचते ही अफरातफरी मच गई। इस दौरान परिषद की टीम ने किसी भी रेहड़ी-फड़ी को न तो जब्त किया और न ही उन्हें कोई नुकसान होने दिया है, लेकिन उन्हें सीधे तौर पर चेतावनी दी है कि दोबारा गर्ल्स हाई सेकेंडरी चौक से लेकर जिला जेल तक अगर कोई भी रेहड़ी-फड़ी दिखाई दी तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
शहर के कोर्ट रोड पर न केवल कठुआ शहर के लोग रेहडी फड़ी लगाते हैं, बल्कि उसके साथ-साथ नगरी क्षेत्र के लोग सब्जियां बेचने के लिए आते हैं। पहले उनके रोजगार को देखते हुए परिषद में कोई कार्रवाई नहीं की थी। लेकिन लगातार इनकी बढ़ती संख्या से आम आदमी प्रभावित हो रहा है। जिसके कारण उन्हें कार्रवाई के लिए मजबूर होना पड़ा है।
रेहड़ी-फड़ी को लगाने के लिए नगरी बस अड्डा के पास स्थान चिन्हित किया गया है। लिहाजा इस तरह के रोजगार करने वाले लोगों को वहीं जाना होगा। इसके अतिरिक्त अगर वह न्यायालय परिसर के आसपास रेहड़ी-फड़ी लगाते हैं तो उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
अमित शर्मा, मुख्य कार्यकारी अधिकारी नगर परिषद।