जम्मू-कश्मीर के पूर्व वित्त मंत्री गिरधारी लाल डोगरा को उनकी सादगी और लोक सेवा की भावना ने उन्हें जनप्रिय नेता बनाया। उनके कार्य करने की शैली आज भी लोगों को न केवल प्रभावित करती है बल्कि उनके जैसा बनने के लिए प्रेरित करती है।
यह बातें वीरवार को हीरानगर मोड़ पर आयोजित गिरधारी लाल डोगरा की पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि देते हुए विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं और गैर राजनीति से जुड़े वक्ताओं ने कही। वक्ताओं ने डोगरा के राजनीतिक जीवन पर विस्तार से प्रकाश डाला। कहा कि उनके जैसा नेता फिर कभी जम्मू-कश्मीर की राजनीति में देखने को नहीं मिला। उनकी सादगी काबिलेतारीफ थी और लोक सेवा की भावना आज भी लोगों को प्रेरित करती है। उन्होंने हीरानगर का नाम पूरे देश में रोशन किया। वह यहां के लोगों के लिए हमेशा प्रेरणास्रोत बने रहेंगे।
कार्यक्रम में डोगरा की दोनों बेटियां डॉली जेटली और निधि डोगरा विशेष तौर पर मौजूद रहीं। दोनों बेटियों ने कहा कि उनके पिता ने पूरी निष्ठा से लोगों की सेवा की। उन्होंने कभी भी किसी से भेदभाव नहीं किया। न ही कभी किसी का धर्म और जाति को देखते हुए काम किया। उनकी लोकप्रियता आज भी बरकरार है और यही कारण है कि आज लोग उन्हें भी उतना ही प्यार देते हैं जितना उनके पिताजी को देते थे।
इससे पूर्व विभिन्न दलों के नेताओं, जिले के लोगों ने गिरधारी लाल डोगरा की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। कार्यक्रम में कठुआ के विधायक भारत भूषण, सामाजिक कार्यकर्ता राकेश चौधरी आदि मौजूद रहे।