हीरानगर। उपमंडल के कंडी क्षेत्र के गांव चंदवां के मानित जसरोटिया ने जम्मू-कश्मीर क्रिकेट एसोसिएशन (जेकेसीए) अंडर-19 में जगह बना कर इलाके का नाम रोशन किया है।
इसके लिए पीएमओ में राज्यमंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने भी ट्वीट कर बधाइयां दी हैं। उन्होंने लिखा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से खेलों को दिए गए प्रोत्साहन के परिणाम स्वरूप जिला कठुआ के मानित जेकेसीए में चयनित हुए हैं। इन्हीं प्रतिभाओं के लिए हीरानगर में अरुण जेटली स्पोर्ट्स कंप्लेक्स निर्माण जारी है।
इस खबर के बाद मानित के घर बधाई देने वालों का तांता लग गया। हालांकि, मानित खुद श्रीनगर में हैं। लोगों ने उनके माता पिता को बधाई दी। पिता पवन सिंह ने कहा कि वह हमेशा बेटे के क्रिकेट खेलने पर गुस्सा होते थे। लेकिन, आज उसी की वजह से उन्हें सब बधाइयां दे रहे हैं। यह बहुत खुशी की बात है कि वह जो करना चाहता है, उसे उसमें सफलता मिल रही है। जानकारी के अनुसार मानित जेकेसीए में चयनित होने के बाद बेंगलुरु में अपना पहला अंडर-19 टूर्नामेंट खेलेंगे।