कठुआ। निजी स्कूलों प्रबंधकों की समस्या को लेकर प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन द्वारा वार्षिक सम्मेलन का आयोजन किया गया। एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष कमल गुप्ता की अध्यक्षता में आयोजित सम्मेलन के दौरान स्कूली शिक्षा विभाग के संयुक्त निदेशक हेमराज पखरू मुख्य अतिथि के तौर उपस्थित रहे।
इस मौके पर वक्ताओं ने मुख्य अतिथि के समक्ष कोरोना महामारी के दौरान लगभग दो शिक्षण सत्रों में स्कूल के बंद रहने से उपजी समस्याओं को रखते हुए उसका निदान किए जाने की मांग की। मौके पर इंजीनियर नरेश कुमार ने स्कूलों के संचालन के लिए विभिन्न विभागों से मिलने वाली एनओसी के समय सीमा बढ़ा कर उन्हें एक साल का समय दिए जाने की मांग की। उन्होंने का कि कोरोना के कारण एनओसी स्कूल प्रबंधक अभी हासिल नही कर सकें है। अगर विभाग इसमें स्कूल प्रबंधकों को राहत नही देता तो निजी स्कूलों में पढ़ने वाले हजारों विद्यार्थियों की शिक्षा प्रभावित होगी। इसके अलावा शुल्क निर्धारण कमेटी द्वारा बिना किसी मापदंड के स्कूलों के शुल्कों का निर्धारण करने से आने वाली परेशानी की जानकारी दी।
मुख्य अतिथि ने अपने संबोधन में कहा कि विभाग शिक्षा के माडल को बेहतर बनाने के लिए प्रयास कर रहा है। अगर इसमें स्कूल प्रबंधकों को किसी भी प्रकार की परेशानी आ रही है, तो इस बारे में बैठक कर समस्या का समाधान किया जाएगा।