कठुआ। जिले में हुए तीन सड़क हादसों में करीब दस लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इनमें से पांच को प्राथमिक उपचार के बाद जीएमसी जम्मू रेफर कर दिया गया है।
पहला हादसा जम्मू-पठानकोट हाईवे पर रात दस बजे बगियाल के पास हुआ, जहां एक ट्रक ने वैन को टक्कर मार दी। हादसे में अमृतसर से आ रहे आरएस पुरा निवासी पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए जीएमसी कठुआ के एसोशिएटेड अस्पताल पहुंचाया गया। घायलों की पहचान पूर्ण चंद, मदन लाल, ज्योति देवी, रोमी सिंह और बोध राज निवासी आरएसपुरा के रूप में हुई है। प्राथमिक उपचार के बाद सभी को जीएमसी जम्मू रेफर कर दिया गया है।
दूसरा हादसा शहर के पारलीवंड इलाके में हुआ, जहां कार ने बाइक को टक्कर मार दी। इसमें जिसमें ऊषा देवी और अनमोल भगत निवासी वार्ड 11 कठुआ घायल हुए हैं, जिनका उपचार जिला अस्पताल में जारी है। तीसरा हादसा हाईवे पर सक्ता चक के नजदीक हुआ। इसमें एक कार ने बाइक को टक्कर मार दी, जिसमें तीन लोग घायल हुए। उनकी पहचान मोहम्मद शरीफ, सीमा और साजिद बुरी के रूप में हुई है। उनका उपचार जिला अस्पताल में जारी है।