बिलावर। बिल्केश्वर महादेव मंदिर के पास चौगान में बनाई गई नाली पर टूटी हुई पुली से हादसे की आशंका है। हर दिन कई इलाकों से लोग बिलावर में पहुंचते हैं और इसी रास्ते से गुजरते हैं जिनके साथ हमेशा हादसा होने की आशंका बनी रहती है। सुभाष चंद्र, बेलीराम, अंग्रेज सिंह और अन्य लोगों ने बताया कि कई बार नगर कमेटी को इस संबंध में अवगत करवाया है कि टूटी हुई पुली को जल्द से जल्द ठीक किया जाए लेकिन नगर कमेटी की ओर से इस संबंध में कोई कदम नहीं उठाया जा रहा।
कुछ दिन पूर्व एक मवेशी की टांग टूटी हुई पुली के बीच फंस गई थी जिसे स्थानीय लोगों की मदद से बाहर निकाला गया था। अंधेरा हो जाने के बाद हमेशा लोगों के साथ हादसा होने की आशंका बनी रहती है, खासकर बुजुर्गों छोटे-छोटे बच्चों को काफी दिक्कतें उठानी पड़ रही है। लोगों ने नगर कमेटी से मांग की कि जल्द से जल्द टूटी हुई पुली को ठीक किया जाए जिससे इस रास्ते से होकर आवागमन करने वालों को राहत मिल सके। लोगों ने इस संबंध में नगर कमेटी बिलावर से जल्द से जल्द संज्ञान लेने के साथ-साथ टूटी हुई पुली को ठीक करने की मांग की है।