कठुआ। विश्व वन्यजीव दिवस पर राजकीय डिग्री कॉलेज कठुआ में पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। ‘पारिस्थितिकी तंत्र की बहाली के लिए प्रमुख प्रजातियों को पुन: प्राप्त करना’ विषय पर आयोजित प्रतियोगिता के दौरान प्रतिभागियों ने धरती से लुप्त हो रही प्रजातियों की समस्या पर अपने पोस्टरों के माध्यम से चिंता जताई।
कॉलेज की प्रभारी प्राचार्य प्रो. राज किरण शर्मा की देखरेख में प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस दौरान एनएसएस प्रोग्राम अधिकारी प्रो. मनमोहन सिंह ने बताया कि विश्व वन्यजीव दिवस प्रतिवर्ष 3 मार्च को दुनिया में रहने वाले जंगली वनस्पतियों और जीवों की विभिन्न प्रजातियों के बारे में जागरूकता पैदा करने के लिए मनाया जाता है। यह दिन लोगों को धरती के संरक्षण में मदद करने के लिए प्रोत्साहित करने के लिए मनाया जाता है। उन्होंने धरती पर जैव विविधता को संरक्षित करने से मानवता को होने वाले लाभ से परिचित कराया। पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता में पच्चीस से अधिक स्वयंसेवकों ने भाग लेकर अपने पोस्टरों के माध्यम से दुनिया को वन्य जीवन की रक्षा करने की अपील की। प्रतियोगिता में मोहित वर्मा प्रथम, खुशी जसरोटिया और नितिन ने दूूसरा जबकि तानिया मेहरा और शरद कुमार ने संयुक्त रूप से तीसरा स्थान प्राप्त किया। वहीं सांत्वना पुरस्कार के लिए शिवानी, अभी, दमनप्रीत और शिवांगी के पोस्टरों का चयन किया गया। कार्यक्रम का संचालन प्रो. आरती, प्रो. पूनम और प्रो ईशा वर्मा ने किया। वहीं इस मौके पर प्रो. रितु कुमार शर्मा और प्रो. नेहा बंदराल भी मौजूद रही।