मंगलवार रात से ही बारिश का सिलसिला रूक-रूक कर जारी रहा। रातभर बारिश होने से कठुआ शहर समेत आसपास के इलाकों में जलभराव से लेकर कई नाले उफान पर आ गए। कई इलाकों में सड़क संपर्क घंटों भंग रहे, तो कई जगह कच्चे घरों को भी आंशिक नुकसान की जानकारी है।
बुधवार सुबह शहर का कोर्ट रोड, अंबेडकर चौक, वार्ड सात, मुख्य बाजार की गलियों में तालाब सा नजारा देखने को मिला। आम लोगों के साथ-साथ वाहन चालकों को भी भारी परेशानी हुई। व्यापारी वर्ग को भी ग्राहक न पहुंचने से नुकसान झेलना पड़ा है।
हटली लिंक मार्ग पर डोल खड्ड सहित मेहताबपुर से हटली सड़क को बाढ़ से खासा नुकसान झेलना पड़ा है। सोला खड्ड के उफान पर आने से मेहताबपुर से हटली तक पहले ही क्षतिग्रस्त सड़क की हालत और भी दयनीय हो गई है।
हटली के सरपंच भूपिंद्र शर्मा ने बताया कि पहले भी कई बार सड़क की समस्या से प्रशासन को अवगत करवाया जा चुका है। लेकिन इस बार की बारिश से सड़क का नामों निशान तक मिट गया है। मार्ग पर हादसों की आशंका को देखते हुए जल्द इसे दुरूस्त किया जाना चाहिए।