उज्ज दरिया में बढ़ा पानी का स्तर।
- फोटो : KATHUA
कठुआ। जिले भर में मंगलवार रात दस बजे से भारी बारिश का दौर जारी है। रात भर हुई मूसलाधार बारिश के बाद सुबह आठ बजे तक लगातार मेघ बरसते रहे। बुधवार दिन को रिमझिम फुहारों का सिलसिला देर शाम तक रुक-रुक कर जारी रहा। तेज बारिश के बीच जहां दूर दराज इलाके के बरसाती नालों में उफान रहा तो स्कूली बच्चों की उपस्थिति भी काफी कम दर्ज की गई।
बिलावर के वार्ड तीन में भारी बारिश की भेंट चढ़ कर पार्षद का पक्के मकान का कुछ हिस्सा भरभराकर गिर गया। पार्षद सुभाष सिंह ने बताया कि सुबह चार बजे के लगभग तेज बारिश का दौर जारी था कि इसी बीच जोरदार आवाज से परिवार के सदस्य उठ गए। देखा तो मकान के एक हिस्से में बाथरूम के साथ स्टोर पूरी तरह से पस्सियों के साथ खिसककर कटली सड़क पर पहुंच गया था। उन्होंने कहा कि इस बात का शुक्र है कि परिवार में चार सदस्य घटना के समय मकान में ही मौजूद थे और सब के सब सुरक्षित हैं। उधर, भूस्खलन के चलते मकान की एक ओर पड़ती रसाई और कमरे में भी दीवारों पर दरारें आ गई हैं। भारी बारिश के चलते बिलावर क्षेत्र के कई सड़क संपर्क भंग हो गए। भारी बारिश के चलते मल्हार, कटली, धार डुगनू समेत देहरी गलां आदि रूट पर वाहनों की आवाजाही दिनभर ठप रही।
उधर, बसोहली के कई इलाकों में भी भारी बारिश का असर वाहनों की आवाजाही पर पड़ा। स्कूल जाने वाले बच्चों को भी उफनते नाले पार करने पड़े। बारिश के बीच जिला के अधिकांश हिस्सों में रातभर बिजली गुल रही।