कठुआ। अवैध खनन को लेकर मिल रही लगातार शिकायतों के बाद जिला प्रशासन ने अवैध खनन पर अब तक का सबसे बड़ा चाबुक चलाया है। उपायुक्त डॉ. राघव लंगर के निर्देश के बाद जिला माइनिंग विभाग ने कीड़ियां गंडियाल इलाके में चल रहे दो स्टोन क्रॅशरों को चार करोड़ 32 लाख रुपये के लगभग जुर्माना ठोंका है। यह जुर्माना 27 जुलाई को उपायुक्त के नेतृत्व में पहुंची विभिन्न विभागों की टीम के औचक दौरे के बाद ठोंका गया है।
कीड़ियां गंडियाल के मेसर्स पुरी स्टोन क्रॅशर और मेसर्स सीएंडसी कंस्ट्रक्शंस पर बड़े पैमाने पर खनन कर माल डंप करने के मामले में कार्रवाई की गई है। जिला माइनिंग विभाग ने बुधवार को दोनों स्टोन क्रॅशरों को जुर्माने के नोटिस जारी कर दिए। नोटिस में बताया गया है कि इन दोनों ही स्टोन क्रॅशरों के परिसर में अवैध रूप से स्टोर या डंप की हुई माइनर मिनरल बड़ी पैमाने पर पाई गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार सीएंडसी कंस्ट्रक्शन के परिसर में जहां क्रश्ड बजरी 12160 क्यूबिक मीटर और 26752 मीट्रिक टन पाई गई वहीं डस्ट 14 हजार 920 क्यूबिक मीटर और 24618 मीट्रिक टन पाए गए। स्क्रींड रेत की माता 1636 क्यूबिक मीटर और 2699 मीट्रिक टन पाई गई है। ऐसे में इस सब माल की रायल्टी 18 लाख 89 हजार 590 रुपये बनती थी, जिसके बाद दस गुणा जुर्माने के साथ रायल्टी वसूली जानी है। ऐसे में सीएंडसी कंस्ट्रक्शंस को माइनिंग विभाग ने दो करोड़ सात लाख 85 हजार चार सौ नब्बे रुपये जुर्माना किया गया है।
जानकारी के अनुसार पुरी स्टोन क्रॅशर के परिसर में जहां क्रश्ड बजरी 7650 क्यूबिक मीटर और 16830 मीट्रिक टन पाई गई। आरबीएम 29 हजार 400 क्यूबिक मीटर और 48510 मीट्रिक टन पाए गए। स्क्रींड रेत की मात्रा 3049 क्यूबिक मीटर और 5030 मीट्रिक टन पाई गई है। ऐसे में इस सब माल की रायल्टी 20 लाख 36 हजार 850 रुपये बनती थी, जिसके बाद दस गुणा जुर्माने के साथ रायल्टी वसूली जानी है। ऐसे में पुरी स्टोन क्रॅशर को माइनिंग विभाग ने दो करोड़ 24 लाख 5 हजार तीन सौ पचास रुपये जुर्माना किया गया है।
ज्ञात रहे कि रविवार को उपायुक्त ने कीड़ियां गंडियाल में दोनों स्टोन क्रॅशरों का टीम सहित औचक निरीक्षण किया, जिसके बाद विभागों से रिपोर्ट मांगी गई थी।