कठुआ। लखनपुर टोज प्लाजा के कर्मचारियों की ओर से जबरन टोल वसूलने का आरोप लगाते हुए कठुआ मिनी बस ऑपरेटर यूनियन ने प्रदर्शन किया। बुधवार को यूनियन के सदस्यों ने प्रदर्शन करने के बाद लखनपुर नगर कमेटी के प्रधान से मुलाकात कर समस्या हल करने की मांग उठाई। यूनियन ने चेतावनी दी कि उनसे टोल वसूला गया तो टोल प्लाजा पर यूनियन की सभी बसों को लेकर जाम लगा देंगे।
यूनियन के प्रभारी प्रधान सुरेश कुमार शर्मा ने कहा कि कठुआ से चलकर लखनपुर के रास्ते महा, बसंतपुर, धन्ना और करडोह जाने वाली मिनी बसों से लखनपुर में हर बार 145 रुपये टोल वसूला जा रहा है। आने और जाने में दो बार हो रही टोल वसूली से दिन भर उनकी गाड़ियों के चलने के बाद भी कोई पैसा नहीं बच रहा है। अलबत्ता सड़क की दशा खराब होने से आए दिन उन्हें मरम्मत के नाम पर वाहनों पर हजारों रुपये खर्च करने पड़ रहे हैं। अगर कोई चालक टोल देने से मना करता है तो टोल प्लाजा में तैनात कर्मचारी उनसे मारपीट करते हैं।
प्रदर्शन में राकेश कुमार ने कहा कि दिन भर टोल वसूलने के बावजूद सड़कों की दशा में सुधार नहीं हो रहा है। पूरा हाईवे गड्ढों से भरा पड़ा है। हटली मोड़ के पास जलभराव की समस्या का अथॉरिटी ने समाधान नहीं किया है, जिससे हादसे भी हो रहे हैं।
लखनपुर म्यूनिसिपल कमेटी के प्रधान रविंद्र शर्मा ने कहा कि टोल प्लाजा पर लोगों के साथ आए दिन होने वाली अभद्रता से वह वाकिफ है। नगर कमेटी में होने वाले विकास कार्यों में लगे वाहनों से भी टोल वसूलने से आए दिन टोल प्लाजा पर झड़प होती रहती है। उन्होंने कहा कि टोल प्लाजा के अधिकारियों से बात की जाएगी अगर उनका रवैया ठीक नहीं रहा तो लोगों को राहत देने के लिए कसबे के बीच से गुजरने वाले लिंक मार्ग को विकसित किया जाएगा, ताकि लोगों को परेशान न होना पड़े। प्रदर्शन में अजय शर्मा, जुगल शर्मा, मुश्ताक अहमद, संजय शर्मा, धर्मपाल, विजय कुमार, दीपक कुमार, अशोक कुमार आदि शामिल रहे।