हीरानगर। जम्मू में रिलायंस मार्ट खुलने से रोकने के लिए सामाजिक इंसाफ मंच ने सभी राजनैतिक व गैर राजनैतिक दलों से एकजुट होकर लड़ने की अपील की है। मंच के पदाधिकारियों का मानना है कि छोटे-मोटे प्रदर्शनों से इन्हें यहां आने से नहीं रोका जा सकता।
दियाला चक में आयोजित बैठक के दौरान मंच के अध्यक्ष बी एल कांडले ने कहा कि जिस तरह से किसान इन पूंजीपतियों के खिलाफ लड़ रहे हैं, उसी तरह जम्मू के लोगों को भी संघर्ष करना पड़ेगा। किसान भलीभांति जानते हैं कि रिलायंस जैसी कंपनियां उनके भविष्य के साथ क्या करेंगी? खेतों और अनाज पर इस तरह की कंपनियों का कब्जा कभी भी किसानों के हक में नहीं हो सकता। किसान विरोधी नए कृषि कानून बनाए गए हैं, जिसका विरोध किसान पिछले कई महीनों से कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि जिस तरह से किसानों को बर्बाद करने की योजना बनाई गई है, उसी तरह से अब जम्मू के छोटे-बड़े व्यापारियों को खत्म करने की तैयारी है। इसलिए, सबको एकजुट होकर आंदोलन करना पड़ेगा। अन्यथा, छोटे-छोटे धरने प्रदर्शनों से सरकार के सहयोग से चल रही रिलायंस जैसी कंपनियों को रोका नहीं जा सकता। बैठक में चौधरी स्वर्ण सिंह, सुरेश शर्मा, नीरज शर्मा, भारत भूषण, आदि मौजूद रहे।