जम्मू कश्मीर पुलिस सेवा निवृत्त हुए पूर्व पुलिस कर्मियों ने उनके वेतन में व्याप्त विसंगतियों को दूर किए जाने की मांग दोहराई है। बुधवार को अपनी वर्षों से लंबित मांग को लेकर उन्होँंने जोरदार नारेबाजी कर उनकी समस्या का समाधान निकाले जाने की मांग की। जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन कर रहे सेवानिवृत्त पुलिस कर्मियों का नेतृत्व कर रहे यूनियन के सतपाल शर्मा ने कहा कि वर्ष 1996 से उन्हें वेतन विसंगतियों को लेकर परेशान होना पड़ रहा है। सरकार ने हालांकि कुछ वर्ष पूर्व इस पर सहमति बनाई थी लेकिन बाद में मामला कोर्ट में चला गया।
कोर्ट ने भी उनके हितों को लेकर निर्णय दिया है, लेकिन सरकार उन्हें 1996 से इसका लाभ देने से आनाकानी कर रही है। उन्होंने कहा कि मामला केंद्रीय गृह मंत्रालय के समक्ष भी उठाया जा चुका है, ऐसे में वे मांग करते हैं कि उनके हितों को देखते हुए गृह मंत्रालय भी प्रयास करे और सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों को उनका हित दे। उन्होंने कहा कि पिछले कई सालों से वे इसी मांग को लेकर संघर्षरत हैं ऐसे में केंद्र सरकार को भी उनका यह जायज मामला गंभीरता से लेकर उन्हें हक देना होगा।