शहर में बसंत पंचमी से पहले चाइनीज डोर की बिक्री की शिकायतों पर प्रशासन ने कार्रवाई शुरू कर दी है। बुधवार को डीसी के निर्देश पर बाजार का औचक निरीक्षण करने पहुंची टीम ने आठ दुकानों पर छापे मारे। इस दौरान प्रतिबंधित दस रील (चाइनीज डोर) जब्त की। वहीं विक्रेताओं को दो टूक चेतावनी दी कि भविष्य में इनकी बिक्री पर दुकान को सील भी किया जाएगा।
शहर में जगह-जगह पतंगों की दुकानें सज गई हैं, जहां चाइनीज डोर का कारोबार भी धड़ल्ले से हो रहा है। प्रतिबंध के कारण कोई भी दुकानदार इसे खुलेआम तो नहीं बेच रहा है, लेकिन युवाओं की मांग पर अस्थायी तौर पर लगी इन दुकानों के संचालक उन्हें यह डोर उपलब्ध करा रहे हैं। नुकसान पहुंचाने वाली इस डोर को सरकार द्वारा प्रतिबंध किए जाने के बाद भी दुकानदार मुनाफे के चक्कर में आदेशों का उल्लंघन करते हुए इसे बेच रहे हैं।
बुधवार को तहसीलदार गौरव शर्मा ने पुलिस टीम के साथ कॉलेज रोड, ओल्ड सुपर बाजार और पारलीवंड इलाके में आठ दुकानों में छापे मारे, जहां से चाइनीज डोर की 10 रील बरामद हुई। इस कार्रवाई की सूचना फैलते ही दुकानदारों में हड़कंप मच गया। तहसीलदार ने बताया कि उन्हें पिछले कुछ दिनों से शिकायतें मिल रही थीं कि प्रतिबंधित डोर बाजार में बिक रही हैं। इसके बाद कार्रवाई की गई। बसंत पंचमी तक इस प्रकार कार्रवाई जारी रहेगी।
उन्होंने कहा कि लोगों की सुरक्षा को देखते हुए जिला प्रशासन दुकानदारों से अपील करता है कि अगर किसी भी दुकानदार के पास चाइनीज डोर है, तो वह उसे तहसीलदार कार्यालय में जमा करवा दें, नहीं तो जिस भी दुकान से चाइनीज डोर बरामद होगी, उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।