हीरानगर। डिंगा अंब कस्बे की डाबी पंचायत में मंगलवार शाम सड़क हादसे के बाद प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) में लाए गए घायल को एंबुलेंस न मिलने पर बुधवार को पंचायत प्रतिनिधियों व लोगों ने पीएचसी के मुख्य गेट पर ताला जड़कर प्रदर्शन किया।
सरपंच सीमा गुप्ता ने कहा कि स्वास्थ्य केंद्र में लोगों को सुविधाएं सही ढंग से नहीं मिल पा रही हैं। मंगलवार को सड़क हादसे में घायल एक व्यक्ति को यहां लाया गया, जिसे उपजिला अस्पताल पहुंचाने के लिए एंबुलेंस तक उपलब्ध नहीं कराई गई। कहा कि जो एंबुलेंस यहां भेजी गई है वह भी क्षेत्र में कामयाब नहीं। बीडीसी चेयरमैन ने कैपेक्स बजट में इस स्वास्थ्य केंद्र में एंबुलेंस के लिए पैसे दिए, लेकिन विभाग ने यहां बड़ी एंबुलेंस भेजने के बजाय ऑटो जैसी छोटी एंबुलेंस भेज दी है।
प्रदर्शनकारियों के समर्थन में बीडीसी चेयरमैन सुदेश शर्मा भी यहां पहुंचे। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य केंद्र का आम लोगों को कोई लाभ नहीं मिल पा रहा। न तो यहां पर डॉक्टर होते हैं और न ही मरीजों को कोई अन्य सुविधा दी जाती है। कैपेक्स बजट से यहां एंबुलेंस के लिए आठ लाख रुपये दिए गए लेकिन स्वास्थ्य विभाग ने खानापूर्ति करते हुए ऐसी एंबुलेंस यहां भेजी जो इलाके में कामयाब नहीं है। आरोप लगाया कि डिंगा अंब ब्लॉक के साथ प्रशासन भेदभाव कर रहा है।
--------
चिकित्सा अधिकारी के सुविधा दिलाने के
आश्वासन पर एक घंटे बाद हटाया धरना
एक घंटे तक अस्पताल का गेट बंद रहने के बाद जिला चिकित्सा अधिकारी डॉ. राकेश मगोत्रा ने धरनास्थल पर पहुंचकर प्रदर्शनकारियों से बात की। आश्वासन दिया कि स्वास्थ्य केंद्र में मंगलवार, वीरवार और शनिवार को डॉक्टर की तैनाती सुनिश्चित की जाएगी। इसके अलावा एंबुलेंस की खरीद की भी जांच कराई जाएगी। अगर इसमें कुछ गलत हुआ है तो कार्रवाई की जाएगी। आश्वासन के बाद धरने पर बैठे लोगों ने गेट का ताला खोल दिया। इस मौके पर सरपंच सुरेंद्र वर्मा, सरपंच कुलभूषण सिंह, नायब सरपंच वंदना शर्मा, पूर्व सरपंच कुलदीप गुप्ता, पंच वरिंदर शर्मा, पंच राकेश शर्मा आदि उपस्थित रहे।