छन्न अरोड़ियां की निकटवर्ती पंचायत किशनपुर के लोगों ने शनिवार को पीएचई विभाग के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया। पीने के पानी के लिए निजी स्तर पर टंकियां मंगवाने को मौजूद लोगों ने प्रशासन को भी जमकर लताड़ लगाई है।
उन्होंने रोष प्रकट करते हुए कहा कि एक तो ट्यूबवेल को बिजली सप्लाई करने वाला ट्रांसफार्मर जल चुका है। नहर और तालाब भी सूखने लगे हैं। ऐसे में लोगों को मजबूर होकर सड़क पर उतरना पड़ रहा है।उन्होंने जल्द समस्या का समाधान न होने पर हाईवे जाम करने की चेतावनी दी है।
प्रदर्शन करने वाले ग्रामीणों में शामिल नायब सरपंच केआर रैणा, प्यार सिंह, हेमराज, रामलाल आदि ने कहा कि एक सप्ताह पहले जले ट्यूबवेल के ट्रांसफार्मर को बदला नहीं जा रहा है। विभाग लोगों के सब्र का इम्तिहान ले रहा है। लोगों का अब एक सप्ताह बीतने के बाद लोगों का धैर्य टूटने लगा है।
पीएचई और बिजली विभाग के अधिकारियों से लगातार समस्या को लेकर बातचीत की गई है, लेकिन कोई भी विभाग गंभीरता नहीं दिखा रहा है। ऐसे में लोगों को निजी स्तर पर रोजाना पैसे खर्च कर पानी की टंकी मंगवानी पड़ रही है।
सबसे ज्यादा मार गरीब लोगों को पड़ रही है, जो दिहाड़ी लगाकर दो वक्त की रोटी कमाते हैं लेकिन शाम को घर पहुंचने पर पीने के लिए पानी तक नसीब नहीं हो पा रहा है। घर में खाना बनाने से लेकर पशुओं को पिलाने के लिए भी पानी उपलब्ध नहीं है।