एनआईटी श्रीनगर में छात्रों पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में कठुआ जिला के विभिन्न स्थानों और संगठनों द्वारा विरोध प्रदर्शन किए गए। प्रदर्शन के दौरान सबने एक स्वर में इस कार्रवाई का विरोध किया और इसे लोकतंत्र पर वार करार दिया। जिले के हीरानगर क्षेत्र में कालेज विद्यार्थियों ने जहां राष्ट्रीय राजमार्ग बंद कर दिया तो लाठीचार्ज के विरोध में शिव सेना ने शुक्रवार को कठुआ बंद की काल दे डाली।
इतना ही नहीं बार एसोसिएशन कठुआ ने भी वीरवार को कामकाज ठप रखा और सरकार के खिलाफ कोर्ट परिसर के बाहर कोर्ट रोड पर विरोध प्रदर्शन किया। सभी ने कहा कि पुलिस द्वारा की गई यह कार्रवाई समझ से परे है।
विद्यार्थियों ने किया हाईवे जाम
यूथ कांग्रेस और एनएसयूआई ने संयुक्त रूप से एनआईटी श्रीनगर में विद्यार्थियों पर लाठीचार्ज के विरोध में रोष रैली निकाली और फिर एक घंटे तक राष्ट्रीय राजमार्ग जाम रखा। प्रदर्शनकारियों में शामिल एनएसयूआई के जिला प्रधान करण सिंह मन्हास ने कहा कि पहली बार ऐसा हुआ है कि कश्मीर में तिरंगा लहराने के लिए किसी ने हिम्मत दिखाई और उस पर पुलिस ने ऐसी कार्रवाई की। कहा कि आखिर देश में तिरंगा लहराने से ऐसा कौन सा खतरा बन गया था कि पुलिस ने बर्बरता दिखाई।
उन्होंने कहा कि जब पाक और आईएसआईएस के झंडे लहराए जाते हैं तब पुलिस कहां होती है। प्रदर्शनकारियों में शामिल शुभम शर्मा, सोनाली, रूबी, आरती, प्रिया, अर्जुन शर्मा, लक्की राठौड़ शामिल रहे। वहीं डिग्री कालेज बनी के छात्रों ने भी पुलिस कार्रवाई के विरोध में रोष मार्च निकाला।
एनआईटी श्रीनगर में हुए लाठीचार्ज के विरोध में वीरवार को जहां शिव सेना बाल ठाकरे ने प्रदर्शन किया, तो वहीं शुक्रवार को कठुआ बंद का ऐलान कर दिया। जिला प्रधान अरुण शर्मा के नेतृत्व में जिला सचिवालय में के बाहर प्रदर्शन करते हुए कहा कि विद्यार्थियों पर की गई कार्रवाई किसी भी सूरत में सहन नहीं की जा सकती है।
उन्होंने कहा कि देश के राष्ट्र ध्वज फहराने वालों को लाठियां बरसाना कहां का इंसाफ है। उन्होंने कहा कि अगर देश में रहकर देश का झंडा नहीं लहरा सकते तो फिर देश को देश की सरकार किस ओर ले जाने का प्रयास कर रही है। इस मौके पर मुकुल पाधा, अविनाश कजोत्रा, अनिल शर्मा आदि भी उपस्थित रहे।
बार एसोसिएशन ने ठप किया काम काज
पुलिस द्वारा श्रीनगर में विद्यार्थियों पर लाठीचार्ज के विरोध में कठुआ बार एसोसिएशन ने कामकाज ठप रखा। इसके साथ ही कोर्ट रोड पर प्रदर्शन कर सरकार की कड़े शब्दों में निंदा की।
इस मौकेे पर आजात शत्रु ने कहा कि सरकार ने जिस प्रकार से पुलिस कार्रवाई को ढकने का प्रयास किया है, उससे साफ है कि राज्य में देश विरोधी ताकतों को जगह दी जा रही है।
उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों पर की गई कार्रवाई लोकतंत्र पर वार है। इस प्रकार की कार्रवाई की निंदा करने के लिए शब्द भी कम पड़ जाएं और उप मुख्यमंत्री ने इसे हल्का बल प्रयोग कहा है। ऐसे में इन आरोपी पुलिस कर्मियों पर कार्रवाई की जाए, जिससे छात्रों को राहत मिले।