एनआईआईटी श्रीनगर में छात्रों पर पुलिस द्वारा लाठीचार्ज किए जाने के मामले को निंदनीय करार देते हुए कांग्रेस ने बुधवार को जमकर प्रदर्शन किया। मुख्यमंत्री का पुतला फूंकते हुए उन्होंने सीधे तौर पर भाजपा-पीडीपी गठबंधन को इसके लिए जिम्मेदार ठहराया। प्रदर्शनकारियों ने रोष प्रकट करते हुए कहा कि भाजपा सत्ता के लालच में देशभक्तों की सुरक्षा के साथ समझौता कर रही है, जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
पारलीवंड में प्रदर्शनकारियों का नेतृत्व कर रहे कांग्रेस के युवा नेता पंकज शर्मा और वरिष्ठ नेता नरेश शर्मा ने जमकर आलोचना की। उन्होंने कहा कि सरकार गठन को अभी दो दिन भी नहीं हुए हैं और गठबंधन ने अपना रंग दिखाना शुरू कर दिया है। भाजपा पर तीखा प्रहार करते हुए उन्होंने कहा कि राष्ट्रभक्ति का दम भरने वाली पार्टी ने अफजल गुरू को शहीद का दर्जा दिलाने की पैरवी करने वाली पीडीपी के साथ हाथ मिला लिया है। नतीजा यह निकला कि सरकार गठन के दूसरे ही दिन देशभक्त विद्यार्थियों की एनआईआईटी श्रीनगर में जमकर पीटा गया।
यह कार्रवाई पाकिस्तानी परस्त लोगों के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे देशभक्तों पर हुई है। उन्होंने कहा कि कश्मीर भारत का अभिन्न हिस्सा नहीं है यह बात पीडीपी को भी समझनी होगी।
उन्होंने उपमुख्यमंत्री डाक्टर निर्मल सिंह के ब्यान को भी आड़े हाथों लिया। कहा कि छोटा लाठीचार्ज देशभक्तों पर ही क्यूं। देश के विभिन्न हिस्सों से श्रीनगर में पढ़ रहे दो हजार विद्यार्थियों को सुरक्षा की चिंता सता रही है। कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने विद्यार्थियों को सुरक्षा मुहैया करवाने की मांग की है।
उन्होंने कहा कि गठबंधन से राज्यपाल शासन ही बेहतर था, जिसमें इस तरह की देशविरोधी ताकतों को बढ़ावा नहीं दिया जा रहा था, लेकिन मुफ्ती मोहम्मद सईद ने भी सत्ता में आते ही पाकिस्तान का गुन गाया था और अब महबूबा ने भी सत्ता संभालते ही देशभक्तों के खिलाफ कार्रवाई करवाई है।