बिजली कर्मचारियों की मांगों पूरा नहीं किए जाने के विरोध में प्रोविंशियल इलेक्ट्रिक इंप्लाइज एसोसिएशन ने मंगलवार को सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि सरकार ने पिछले साल भी वादा किया था, लेकिन कोई कदम नहीं उठाया गया। पूरा साल बीत जाने के बावजूद एक भी मांग पूरी नहीं की गई।
प्रदर्शनकारियों का नेतृत्व कर रहे पीसी शर्मा ने कहा कि उन्होंने सात साल पूरे कर चुके डेलीवेजरों को पक्का करने, एसआरओ-59 लागू करने, सर्किल और प्रांतीय स्तर पर डीपीसी करने और आईटीआई डिप्लोमा होल्डर को तकनीकी ग्रेड देने की मांग की थी, लेकिन सरकार ने वर्ष 2015 को आश्वासनों में ही निकाल दिया।
किसी भी मांग पर गौर तक नहीं किया। अगर सरकार का यही रवैया रहा तो उन्हें मजबूरन उग्र प्रदर्शन करना होगा। मदन लाल ने कहा कि बिजली विभाग के कर्मचारी अपनी जान पर खेलकर लोगों को बिजली सुविधा उपलब्ध करा रहे हैं।
अगर सरकार को कर्मचारियों के काम और जान की फिक्र होती तो वह उनकी मांगें पूरी करती। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि राज्य सरकार की उपेक्षा से डेलीवेजरों को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि डेलीवेजरों की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं होने से परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
उनका वेतन भी कम है, जिससे परिवार को गुजारा मुश्किल में है। एसआरओ लागू नहीं होने से कई सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं। राज्य सरकार को मांगों के बारे में कई बार बताया जा चुका है, लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का यह उपेक्षा और भेदभावपूर्ण रवैया समझ से परे है।
डेलीवेजर पूरी लगन और मेहनत से काम कर रहे हैं, लेकिन सुविधाओं और लाभ देने की ओर सोचा नहीं जा रहा है। सरकार कर्मचारियों के साथ धोखा और वादाखिलाफी कर रही है। सरकार से कई बार मांगें पूरी करने के लिए कह चुके हैं, लेकिन केवल आश्वास ही दिए गए।
उन्होंने कहा कि सरकार ने अगर अपनी नीतियों को बदलकर उनकी मांगें पूरी नहीं किया तो उग्र प्रदर्शन और हड़ताल की जाएगी। प्रदर्शन में राकेश गुप्ता, कमल किशोर, संजय शर्मा, पवन कुमार आदि शामिल रहे।