कठुआ। श्री अमरनाथ यात्रा को लेकर जिले में तैयारियां तेज हो गई हैं। प्रदेश में दाखिल होने के साथ ही लखनपुर से पॉलिथीन फ्री यात्रा को सुनिश्चित किया जा रहा है। इसके लिए डीसी ने अधिसूचना जारी कर दी है। सभी विभागों को यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं कि पूरी यात्रा पॉलिथीन मुक्त हो।
लखनपुर में भक्तों के साथ-साथ सेवादारों के वाहनों के दाखिल होने पर इसमें सिंगल यूज प्लास्टिक पर प्रतिबंध के लिए डीसी ने स्टेट टैक्सीज लखनपुर और मंडल अधिकारी प्रदूषण नियंत्रण विभाग को निगरानी रखने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। जिले के सभी लॉजमेंट सेंटरों, लंगर स्थलों, ढाबों में पॉलिथीन का इस्तेमाल न हो इसकी जिम्मेदारी एसएसपी कठुआ, संबंधित मजिस्ट्रेट, जोनल और नोडल अधिकारियों को सौंपी गई है।
नगर परिषद कठुआ के सीईओ और परोल, हीरानगर के ईओ सुनिश्चित करेंगे कि न तो पॉलिथीन की बिक्री हो और न ही इसका इस्तेमाल। यात्रा के दौरान ग्रामीण क्षेत्रों में पॉलिथीन का इस्तेमाल रोकने की जिम्मेदारी एसीडी कठुआ और सहायक आयुक्त पंचायत को सौंपी गई है।
-----
बाबा बर्फानी के दर्शन के
लिए भक्तों में उत्साह
- अमरनाथ यात्रा के लिए कठुआ पीएनबी शाखा में अब तक 57 ने करवाया पंजीकरण
संवाद न्यूज एजेंसी
कठुआ। दो साल बाद 30 जून से शुरू होने जा रही श्री अमरनाथ यात्रा के लिए बाबा बर्फानी के भक्तों में भारी उत्साह है। पहलगाम और बालटाल मार्ग से यात्रा के लिए कठुआ में पंजाब नेशनल बैंक शाखा से अब तक 57 आवेदन आ चुके हैं। 11 अप्रैल से पंजीकरण प्रकिया शुरू हुई थी। ऑनलाइन पंजीकरण करवाने वालों की संख्या इससे भी अधिक होने का अनुमान है।
मंगलवार को पीएनबी की कठुआ शाखा में पंजीकरण के लिए पहुंचे वार्ड-11 के मशिंदर सिंह ने बताया कि वह इससे पहले 2014 में बिजली विभाग में कार्यरत होने के दौरान साथी कर्मियों के साथ बाबा बर्फानी के दर्शन करने गए थे। अब वह सेवानिवृत्त हो चुके हैं। दो साल बाद भोले बाबा ने फिर बुलाया है और वह इसके लिए आवेदन प्रक्रिया में जुट गए हैं। मशिंदर ने बताया कि वह छह जुलाई को पहलगाम मार्ग से बाबा बर्फानी के दर्शन के लिए जा रहे हैं। उनके साथ जा रहे साथियों में कुछ कठुआ, सांबा, हीरानगर और कुछ दन्नी बाख्ता इलाके से हैं।
....................
लंगर के लिए जिले में तीन
कमेटियों ने किया आवेदन
कठुआ जिले में हर साल हाईवे किनारे बाबा बर्फानी के भक्तों के लिए आठ लंगर लगाए जाते हैं। इस बार अब तक तीन लंगर कमेटियों ने इसके लिए आवेदन किया है। ये लंगर लखनपुर से कूटा मोड़ तक लगाए जाते हैं। इसके लिए आने वाले दिनों में आवेदकों की संख्या बढ़ने को लेकर प्रशासन भी उसी अनुरूप तैयारियों में जुटा हुआ है। फिलहाल तीन आवेदन हीरानगर उपमंडल के अधीन आते हाईवे क्षेत्र में लगाए जाने वाले लंगरों के हैं।