संवाद न्यूज एजेंसी
कठुआ। लखनपुर के रेवाज बैंक्वेट हॉल में जिला पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप का समापन हो गया। जिला कठुआ पावरलिफ्टिंग एसोसिएशन की ओर से आयोजित प्रतियोगिता में जिलेभर से 80 से अधिक खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता में सब-जूनियर, जूनियर, सीनियर और मास्टर वर्ग के महिला एवं पुरुष खिलाड़ियों ने अपनी ताकत का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता में रूभम शर्मा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 267 किलोग्राम वजन उठाकर सबसे अधिक वजन उठाने वाले खिलाड़ी का गौरव हासिल किया। वहीं गरजीत सिंह ने 225 किलोग्राम वजन उठाकर मास्टर वर्ग में सर्वश्रेष्ठ लिफ्टर का खिताब अपने नाम किया। प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने स्क्वाट, बेंच प्रेस और डेडलिफ्ट में अपनी क्षमता का प्रदर्शन किया। उद्घाटन समारोह में सेवानिवृत्त एसएसपी सरदार खान मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उनके साथ जिला पावरलिफ्टिंग एसोसिएशन के अध्यक्ष रविंद्र, ऑल जम्मू-कश्मीर पावरलिफ्टिंग एसोसिएशन के महासचिव अजय शर्मा और जम्मू से आए एसोसिएशन के पदाधिकारी मौजूद रहे। प्रतियोगिता में डीवाईएसपी डीएआर भगवान दास, थाना प्रभारी लखनपुर नीरज चौधरी, पूर्व डीजीसी उपाध्यक्ष रघुनंदन सिंह, डॉ. सुनील शर्मा, मुकेश शर्मा सहित अन्य लोग उपस्थित रहे। मुख्य अतिथि सरदार खान ने कहा कि खेल युवाओं के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने युवाओं से शारीरिक फिटनेस को जीवन का हिस्सा बनाने और नशे व अन्य मादक पदार्थों से पूरी तरह दूर रहने का आह्वान किया। एसोसिएशन के महासचिव अजय शर्मा ने खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों से इंटरनेशनल पावरलिफ्टिंग फेडरेशन (आईपीएफ) तथा पावरलिफ्टिंग इंडिया के आधिकारिक नियमों का अध्ययन करने की अपील की, ताकि खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप तैयारी कर सकें।
इनसेट
इन खिलाड़ियों को मिला बेस्ट लिफ्टर का सम्मान
अन-इक्विप्ड श्रेणी में विभिन्न वर्गों के सर्वश्रेष्ठ लिफ्टरों को सम्मानित किया गया। महिला वर्ग के सब-जूनियर में नताशा मंजोत्रा, जूनियर में नितिका गुप्ता, सीनियर में नितिका गुप्ता और मास्टर्स में सुनीता देवी को सर्वश्रेष्ठ लिफ्टर चुना गया।
पुरुष वर्ग में सब-जूनियर में मुजम्मिल हुसैन, जूनियर में लोविश, सीनियर में रूभम शर्मा और मास्टर्स में गरजीत सिंह ने सर्वश्रेष्ठ लिफ्टर का खिताब हासिल किया।