कठुआ। पड़ोसी राज्य पंजाब में आगामी विधानसभा चुनाव और गणतंत्र दिवस समारोह से पहले जिले में सामान्य सुरक्षा स्थिति की समीक्षा करने के लिए जिला पुलिस लाइन में बैठक का आयोजन किया गया। एसएसपी रोमेश चंद्र कोतवाल ने बैठक की अध्यक्षता की। इस दौरान एसएसपी ने सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस अधिकारियों को अपने क्षेत्र में गश्त बढ़ाने के लिए निर्देशित किया।
साथ ही एसएसपी ने कोविड उपयुक्त व्यवहार के नए दिशानिर्देशों को लागू करने पर भी जोर दिया। वहीं, सभी सुरक्षा सहयोगियों को आगामी राष्ट्रीय कार्यक्रम के शांतिपूर्ण संचालन के लिए सीमावर्ती क्षेत्र, राष्ट्रीय राजमार्ग के साथ प्रमुख कस्बों के सुरक्षा घेरे को मजबूत करने पर चर्चा की गई है। इसके अलावा पड़ोसी राज्य में विधानसभा चुनावों के दौरान किसी भी विध्वंसक गतिविधियों को नाकाम करने के लिए अपने क्षेत्र में गश्त बढ़ाने पर चर्चा करते हुए अंतरराज्यीय नाका को मजबूत करने के लिए वाहन की जांच तेज करने की बात कही। उन्होंने सीमा सुरक्षा अधिकारियों को अपने जवानों को एंटी टनलिंग अभ्यास में नियमित रूप से शामिल करने के अलावा विशेष रूप से सीमा क्षेत्र में ड्रोन गतिविधियों की निगरानी करने के लिए कहा। बैठक में सेना, बीएसएफ, सीआरपीएफ, आईआरपी, सीआईडी और जिला पुलिस कठुआ के सभी एसडीपीओ मौजूद रहे।