कठुआ। राजकीय डिग्री कॉलेज की एनएसएस इकाई और इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब के सहयोग से 12वां राष्ट्रीय मतदाता दिवस मनाया गया। कॉलेज की प्रभारी प्रधानाचार्य प्रो. राजकिरण शर्मा की देखरेख में ‘भारतीय लोकतंत्र को मजबूत करने में वोट का महत्व’ विषय पर संगोष्ठी का आयोजन किया गया। आजादी का अमृत महोत्सव के तहत वर्चुअल मोड में हुए इस कार्यक्रम के दौरान इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब के संयोजक और राजनीति विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष प्रो रजनीश ईशर ने औपचारिक स्वागत भाषण के दौरान राष्ट्रीय मतदाता दिवस के आयोजन का संक्षिप्त परिचय दिया। वहीं, प्रतिभागियों ने लोकतंत्र में अपनी पूर्ण आस्था रखने, देश की लोकतांत्रिक परंपराओं की मर्यादा को बनाए रखेंगे, स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण निर्वाचन की गरिमा को अक्षुण्ण रखने के लिए निर्भीक होकर, धर्म, वर्ग, जाति, समुदाय, भाषा अथवा अन्य किसी भी प्रलोभन से प्रभावित हुए बिना अपने मताधिकार का प्रयोग करने की शपथ ली। जिसे प्रो रितु कुमार शर्मा एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी ने पढ़कर सुनाया।
संगोष्ठी में बीस से अधिक स्वयंसेवकों ने लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए मतदान का महत्व बताया। एनएसएस प्रोग्राम अधिकारी प्रो. मनमोहन सिंह ने अपने संबोधन में मतदाता सूची में मतदाताओं के नामांकन की आवश्यकता पर ध्यान केंद्रित किया और विद्यार्थियों को चुनाव के दौरान अपने मतदान के अधिकार का प्रयोग करने के साथ विवेकपूर्ण तरीके से मतदान करने के लिए कहा। उन्होंने प्रतिभागियों से अपील की कि वे मतदाता सूची में नामांकन के लिए अपने इलाके में घर-घर अभियान चलाएं। कार्यक्रम का समापन एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी प्रो. नेहा बंद्राल ने अतिथियों को धन्यवाद दिया।