महानपुर। वर्तमान में शादियों का सीजन चल रहा है लेकिन ठंगर सवार के लोगों में पानी की किल्लत बनी हुई है जबकि लोग मजबूरन बावली का पानी पीने पर मजबूर है। ऋबीच-बीच में लोग मजबूर होकर निजी खर्चे से पानी का टैंकर भी मंगवा रहे हैं। जल शक्ति विभाग की अनदेखी से लोग परेशान हैं।
गांव ठंगर सवार के कुलवंत सिंह ने बताया कि पिछले कई दिनों से पीने के पानी की सप्लाई उन्हें नहीं मिल पा रही है, जिससे लोगों की परेशानी दिन प्रतिदिन बढ़ती जा रही है। उन्होंने बताया कि लोगों को मजबूर होकर पीने के लिए पानी खुली बावलियों से लेना पड़ रहा है। यहां तक कि मवेशी भी उन बावलियों से ही पानी पीते हैं।
गांव के कुलदीप सिंह ने बताया कि इन दिनों शादियों का सीजन चल रहा है, लेकिन शादी का कार्यक्रम होने पर पानी न होने के चलते उन्हें मजबूर होकर निजी खर्चे से पानी का टैंकर मंगवाने पड़ रहा है। जबकि जल शक्ति विभाग को भी वह सूचित कर चुके हैं। दूसरी और दलजीत सिंह ने बताया कि उपरोक्त गांव में पानी की समस्या से लोग परेशान हैं। उन्होंने जल शक्ति विभाग के उच्च अधिकारियों से मांग की है कि सप्लाई के पानी को लोगों के लिए सुनिश्चित करें।