कई दिनों से पेयजल संकट से जूझ रहे पंचायत मकवाल के वार्ड नंबर सात के ग्रामीणों ने रविवार को डगवेल के पास एकत्रित होकर पीएचई विभाग के खिलाफ नारेबाजी की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि पेयजल सप्लाई जल्द बहाल नहीं की गई तो वह सड़क पर उतर आएंगे।
लोगों ने बताया कि वार्ड नंबर सात में पेयजल सप्लाई ठप पड़ी है। यही नहीं, गांव के प्राकृतिक जल स्रोत सूख गए हैं। इससे पेयजल संकट अधिक गहरा गया है। बार-बार गुहार लगाने के बावजूद पीएचई विभाग कोई कार्रवाई नहीं कर रहा है।
उन्होंने बताया कि गांव में पेयजल सप्लाई बहाल करना तो दूर पीएचई विभाग टैंकरों से भी पानी सप्लाई नहीं कर रहा है। इसके कारण ही ग्रामीणों को आज विभाग के खिलाफ मोर्चा खोलना पड़ा है।
छैलोराम, गौरी शंकर, रमेश कुमार, बीरू दीन, शंकर दास, बिट्टूराम, देसराज, भूरीराम, ओमप्रकाश, सादिक हुसैन, संजू शर्मा ने कहा कि अब भी विभाग की नींद नहीं खुली और पेयजल सप्लाई बहाल नहीं हुई तो सड़क पर उतर आएंगे।