ठेकेदारों के साथ लोक निर्माण विभाग कार्यालय परिसर में बैठक करते पूर्व मंत्री चौधरी लाल सिंह। सं?
- फोटो : KATHUA
कठुआ। जम्मू कश्मीर में सरकार के विकास कार्यों को कराने वाले ठेकेदारों के बकाए का भुगतान कराने के लिए अब सरकार के साथ जमीन स्तर पर संघर्ष किया जाएगा। इसका ऐलान डोगरा स्वाभिमान संगठन के चेयरमैन चौधरी लाल सिंह ने वीरवार को लोक निर्माण विभाग के कार्यालय परिसर में आयोजित बैठक के दौरान किया है।
कठुआ कांट्रैक्टर्स एसोसिएशन के बैनर तले आयोजित बैठक के दौरान जिला भर से आए ठेकेदारों ने कहा कि प्रदेश के विकास में अपना अहम योगदान देने वाले ठेकेदारों को सरकार की ओर से भुगतान न कर प्रताड़ित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जम्मू कश्मीर को केंद्र शासित प्रदेश का दर्जा दिए जाने के बाद से यहां विकास कार्यों को अंजाम देने वाले ठेकेदार अब भुगतान के लिए दरबदर हो रहे हैं। ना तो उनकी विभाग कोई सुनवाई कर रहा है और ना ही सरकार की तरफ से इस दिशा में कोई कदम उठाया जा रहा है। जिसके कारण आज ठेकेदार वर्ग कर्ज के तले दब रहा है। वहीं, इस मौके पर एसोसिएशन के सोनू शर्मा ने कहा कि करोड़ों रुपये के विकास कार्यों को करवाने वाले ठेकेदार जब भी भुगतान के लिए विभाग के पास जाते हैं तो हर बार किसी न किसी प्रकार की आपत्ति लगाकर उन्हें वापस भेज दिया जाता है। ठेकेदारों को उनके ही पैसे के लिए परेशान किया जा रहा है। वहीं चौधरी लाल सिंह ने कहा कि केंद्र शासित प्रदेश बनने के बाद जम्मू कश्मीर में लोगों का सिर्फ शोषण हो रहा है। विकास कार्यों को करवाने वाले ठेकेदारों के सामने ऐसी-ऐसी शर्तें रखी जा रही हैं, जिसका पूरा हो पाना संभव नही है। ठेकेदार जैसे तैसे काम करवाते हैं तो उन्हें पेमेंट के लिए परेशान किया जा रहा है। अब शोषण बर्दाश्त नही किया जाएगा। ठेकेदारों की समस्या के समाधान के लिए अब वह हर संभव कदम उठाएंगे। इस मौके पर गणेश शर्मा, अशोक शर्मा, जितेंद्र सिह पप्पू, नरेश शर्मा के अलावा काफी संख्या में एसोसिएशन के सदस्य उपस्थित रहे।