शराब की दुकान को हटाए जाने की मांग को लेकर शहर के जराई चौक में प्रदर्शन करते लोग। संवाद
- फोटो : KATHUA
कठुआ। शहर के मुखर्जी चौक में गुरुद्वारा और मंदिर से सटे इलाके में शराब की दुकान खोले जाने का स्थानीय लोगों ने कड़ा विरोध किया है। शुक्रवार को दर्जनों लोगों ने जनभावना की अनदेखी किए जाने पर आबकारी विभाग के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन करते हुए प्रशासन से शराब की दुकानों को बंद करने के लिए उपयुक्त कार्रवाई किए जाने की मांग की।
प्रदर्शनकारियों का नेतृत्व कर रहे कांग्रेस नेता एसके भंडारी ने कहा कि शहर के सबसे व्यस्त रहने वाले इस इलाके में एक तरफ गुरुद्वारा सिंह सभा और दूसरी तरफ आर्य समाज मंदिर और डीएवी स्कूल जैसे संस्थान है। मुख्य बाजार को जाने वाले इस रास्ते में ही महात्मा गांधी अस्पताल भी स्थित है, जहां महिलाओं, बुजुर्गो और बच्चों का दिनभर आना-जाना लगा रहता है। ऐसे स्थान पर खुले आम शराब की बिक्री किसी भी तरह से जायज नही है। उन्होंने आश्चर्य जताते हुए कहा कि इस जगह पर स्थित शराब की दुकानों के पास गुरुद्वारा, मंदिर और स्कूल प्रबंधक आखिर क्यों इसके खिलाफ आवाज नही उठा रहे हैं। जबकि उनके द्वारा अनापत्ति प्रमाणित किए जाने के बाद ही ऐसी दुकानों के लाइसेंस जारी होते हैं। भंडारी ने प्रशासन से इस मामले में विधि के अनुरूप फैसला लेकर लोगों को राहत दिए जाने की मांग करते हुए कहा कि अगर शराब की इन दुकानों को यहां से स्थानांतरित नही किया गया तो आने वाले दिनों में लोग इसके खिलाफ और कड़ा प्रदर्शन करने के लिए मजबूर होंगे। प्रदर्शन में बोधराज, ओंकार मेहरा, डॉ राजिंदर सिंह, मदन लाल शर्मा, देवराज, राजेश कुमार, पृथीपाल, जोगिंदर पाल आदि शामिल रहे।