सुकराला माता की प्रतिमा का किया गया भव्य श्रृंगार, संवाद।
- फोटो : KATHUA
बिलावर। शारदीय नवरात्र से पूर्व उपमंडल के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल माता बाला सुंदरी और माता सुकराला देवी के भवन सजा दिए गए हैं। श्राइन बोर्ड के अधीन आने वाले इन दोनों देव स्थानों पर प्रशासन ने यात्रियों की सुविधाओं के लिए कई प्रबंध किए हैं।
सोमवार के दिन मंदिर को आकर्षक रंग बिरंगी चुनरिया से सजाने के लिए प्रशासन कर्मचारी और स्वयंसेवक लगे रहे। मंदिर में लगाई गई लाइटों और अन्य व्यवस्था को उचित बनाने के लिए पूरा दिन कार्य जारी रहा। इस संबंध में एडीसी संदेश कुमार शर्मा ने बताया कि जिन श्रद्धालुओं ने टीकाकरण करा लिया है, केवल उन्हीं को मंदिरों के भीतर जाने की अनुमति दी जाएगी।
उन्होंने कहा कि माता बाला सुंदरी और माता सुकराला देवी में टीकाकरण केंद्र भी स्थापित किए गए हैं। मंदिर में पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को मास्क का उपयोग अनिवार्य होगा। वहीं, कोविड-19 के लिए बनाए गए नियमों का पालन करना होगा। मंदिर के मुख्य गेट के बाहर तापमान की जांच करने के लिए स्वास्थ्य विभाग की टीमें तैनात की गई हैं।
एडीसी ने कहा कि प्रशासन की ओर से श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए दोनों भवनों में बैठने की व्यवस्था, पेयजल की व्यवस्था और दोनों धार्मिक स्थलों पर नियमित बिजली सप्लाई करने के आदेश संबंधित विभाग को जारी किए गए हैं। इसके अलावा सुरक्षा व्यवस्था के प्रबंध भी दोनों भवनों में किए गए हैं।
सुकराला मंदिर को सजाने के लिए किया जा रहा कार्य, संवाद।- फोटो : KATHUA