कठुआ। ढग्गर में दो दिवसीय दंगल और मेला शनिवार को संपन्न हो गया। बड़ी माली के लिए हुए मुकाबले में लोहाई के मोहम्मद हाफिज ने डोडा के तारिक पहलवान को पटकनी देकर खिताब जीत लिया। बड़ी माली का मुकाबला 17 हजार 700 रुपये के नकद पुरस्कार के लिए करवाया गया था। इसके साथ-साथ ढग्गर के द्रोड स्थित मैदान में पारंपरिक मेले का भी आयोजन हुआ, जिसमें लोगों ने पकवानों के साथ-साथ सामान की खरीदारी की। बच्चों ने भी मनोरंजन के लिए खिलौने आदि की जमकर खरीदारी की।
शनिवार को ढग्गर में आयोजित होने वाले वार्षिक मेले पूरे शबाब पर रहा। मेला सुबह दस बजे से ही सज गया था, जिसे देखने के लिए लोग दस दस किलोमीटर का पैदल सफर तय कर पहुंचे। डुग्गर, भुलड़ी, दुलंगल, धमान, बगियान समेत सरोला, बाड़ी सहित दर्जनों गांव से लोग दंगल के महा मुकाबला देखने पहुंचे। समारोह में डॉ. रामेश्वर सिंह ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करते हुए दंगल कमेटी के प्रयासों की सराहना की। कमेटी के अध्यक्ष सरपंच अमीर चंद ने बताया कि हर साल दंगल के मुकाबले स्थानीय लोगों के सहयोग से आयोजित किए जाते हैं। क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ ही यह दंगल के मुकाबले इस क्षेत्र की परंपरा और लोक संस्कृति को बचाते हुए युवाओं को शारीरिक तौर पर मजबूत होने और नशे से दूर रहने का आह्वान करते हैं। छोटी माली का मुकाबला 15 हजार रुपये के लिए हुआ जिसमें हरियाणा के रमेश पहलवान ने लंबे चले मुकाबले में होशियारपुर के संदीप पहलवान को हराया। बड़ी माली का रोमांचक मुकाबला देखने के लिए लोगों की भारी भीड़ जमा हुई। जो लगभग आधे घंटे तक चला। इस दौरान दोनों पहलवानों ने अपने बल कौशल का प्रदर्शन करते हुए दर्शकों का खूब मनोरंजन किया। उधर, बनी के मेला मैदान में तीन दिवसीय छिंज और सांस्कृतिक मेले का शनिवार को आगाज हो गया। गोगना परिवार के सदस्यों ने पीर की मजार पर चादरपोशी कर वार्षिक परंपरा को निभाया। जिसके बाद रंगारंग कार्यक्रमों की श्रृंखला भी शुरू हो गई।